Budaun Husband Calls Police: मियां-बीवी के झगड़े तो आपने बहुत सुने होंगे, लेकिन उत्तर प्रदेश के बदायूं के घरेलू कलह की वजह ने पुलिस को भी सर पकड़ हंसने पर मजबूर कर दिया. यहां के एक पति महोदय को पत्नी के हाथ की बनी सब्जी इतनी नागवार गुजरी कि उसने सीधे डायल-112 पर फोन घुमाकर पुलिस को ही घर बुला लिया.
‘मेरी कोई सुनता ही नहीं’
यह पूरा मामला वजीरगंज थाना इलाके के ब्यौली गांव का है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गांव में रहने वाले अरविंद कश्यप नाम के शख्स ने शराब के नशे में धुत होकर पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर दिया. जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो उन्हें लगा कि कोई गंभीर वारदात हुई है.
लेकिन अरविंद ने जो शिकायत दर्ज कराई, उसे सुनकर पुलिसवाले भी लोटपोट हो गए. अरविंद ने पुलिसकर्मियों से कहा, ‘साहब, मेरी पत्नी माधुरी उर्फ कल्लो रोज पतली सब्जी बना देती है. मुझे सूखी सब्जी पसंद है, लेकिन इस घर में मेरी कोई सुनता ही नहीं है.’
‘सरकार बेच रही तो हम पी रहे’
हंगामे के दौरान जब मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने अरविंद को समझाने की कोशिश की और पूछा कि भाई, तुम इतनी शराब क्यों पीते हो? इस पर अरविंद ने जो जवाब दिया, उसने पुलिसवालों को भी अवाक कर दिया. अरविंद ने बिना किसी झिझक के कहा, ‘साहब, जब सरकार खुद शराब बिकवा रही है, तो हम पी रहे हैं. शराब तो हर कोई पीता है.’
अरविंद का यह तर्क सुनकर वहां खड़े ग्रामीण अपनी हंसी नहीं रोक पाए. पुलिस काफी देर तक उसे समझाती रही कि घर की सब्जी के विवाद के लिए आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल नहीं किया जाता, लेकिन अरविंद अपनी जिद पर अड़ा रहा.
ये भी पढ़ें: अरे बाप रे! क्लास में फुंफकार मारने लगा काला नाग, VIDEO देख हलक में अटक जाएगी जान
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


