Bharat Express DD Free Dish

60 का दूल्हा, 23 की दुल्हन… तानों की परवाह किए बिना पिंकू संग वर्षा ने लिए सात फेरे

बिहार के लखीसराय में 60 साल के पिंकू सिंह ने 23 साल की वर्षा रानी से शादी रचाई है. दोनों का अतीत दुखद रहा है. पिंकू की पत्नी 10 साल पहले छोड़ गई थी, जबकि वर्षा को पहली शादी में हादसे के बाद पति ने ठुकरा दिया था.

60 Year Old Man Marries 23 Year Old Woman in Lakhisarai Bihar Viral Wedding

Lakhisarai Wedding: बिहार के लखीसराय जिले से प्यार और सामाजिक बंधनों से परे एक बेहद अनोखी शादी की खबर सामने आई है, जिसने इंटरनेट पर हर किसी का ध्यान खींच लिया है. यहां 60 वर्ष के पिंकू सिंह और 23 वर्ष की वर्षा रानी ने पूरे पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ एक-दूसरे का हाथ थाम लिया. शादी का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने 37 साल के उम्र के फासले को लेकर तरह-तरह की बातें बनाना शुरू कर दिया, लेकिन यह नया जोड़ा इन तानों से बेपरवाह अपनी नई जिंदगी की शुरुआत कर चुका है.

दर्दनाक अतीत से गुजरी दोनों की जिंदगियां

अभयपुर के पीरीबाजार थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी पिंकू सिंह पेशे से किसान और मजदूर हैं. उनकी पहली पत्नी करीब 10 साल पहले उन्हें छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद से वे अकेले जीवन व्यतीत कर रहे थे. वहीं, ग्रेजुएशन फर्स्ट ईयर की छात्रा वर्षा रानी का अतीत भी काफी तकलीफदेह रहा है.

वर्षा की पहली शादी मुंगेर जिले के कल्याणपुर में हुई थी और उनकी एक बेटी भी है. शादी के बाद ससुराल में आग लगने की दुर्घटना में वर्षा बुरी तरह झुलस गई थीं, जिसके बाद उनके पहले पति ने उन्हें साथ रखने से साफ मना कर दिया और कानूनी रूप से दोनों अलग हो गए.

दबाव नहीं, मर्जी से लिया फैसला

तमाम दुखों और समाज के तानों को पीछे छोड़ते हुए वर्षा ने बिना किसी दबाव के अपनी पसंद से पिंकू सिंह के साथ नई शुरुआत करने का फैसला किया. स्थानीय सरपंच ने भी इस रिश्ते का समर्थन करते हुए कहा कि जब दो बालिग अपनी मर्जी से साथ रहना चाहते हैं, तो इसमें किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए. चाइल्ड वेलफेयर वर्कर (CSW) सुप्रिया कुमारी ने भी पुष्टि की है कि वर्षा की उम्र 23 वर्ष है और यह उनका स्वतंत्र निर्णय है.

लोगों के ताने एक तरफ, नया सफर एक तरफ

सोशल मीडिया पर जहां इस बेमेल जोड़ी को लेकर बहस छिड़ी हुई है, वहीं पिंकू और वर्षा का कहना है कि उम्र का गणित दुनिया लगाती रहे, उन्हें साथ मिलकर जिंदगी बितानी है. लखीसराय की यह अनोखी शादी इन दिनों हर तरफ चर्चा का विषय बनी हुई है.

यह भी पढ़ें: ये कोई आम तोता नहीं, ‘Gen-Z’ तोता है! चोंच से चलाता है यूट्यूब, हरकतें देख आप भी कहेंगे- ‘इंसान भी फेल हैं’; देखें VIDEO

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read