Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

UAE में दिखा ‘हवा में उड़ता’ जहाज! केरल के फोटोग्राफर का वीडियो देखकर लोग रह गए हैरान

UAE Floating Ship: UAE के अजमान बीच पर हवा में तैरते जहाज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. केरल के फोटोग्राफर द्वारा रिकॉर्ड किए गए इस दृश्य के पीछे सुपीरियर मिराज नामक दुर्लभ ऑप्टिकल इल्यूजन का वैज्ञानिक कारण बताया गया है.

UAE Floating Ship

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अजमान बीच पर उस समय लोगों की आंखें खुली की खुली रह गईं जब समुद्र के ऊपर एक बड़ा मालवाहक जहाज हवा में तैरता हुआ नजर आया. इस हैरतअंगेज दृश्य को केरल के कोझिकोड के रहने वाले फोटोग्राफर जसील पेरालास्सेरी ने अपने कैमरे में कैद किया. वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही तेजी से वायरल हो गया और लाखों लोग इसे देखकर चौंक गए.

कुछ ही घंटों में करोड़ों व्यूज

जसील द्वारा रिकॉर्ड किया गया यह वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया. वीडियो पोस्ट होने के महज 20 घंटे के भीतर इसे 3.1 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया. कई लोगों को पहली नजर में लगा कि जहाज सचमुच हवा में उड़ रहा है जबकि कुछ ने इसे किसी तकनीकी एडिटिंग का कमाल समझा. हालांकि, इसके पीछे की सच्चाई विज्ञान से जुड़ी हुई है.

क्या है ‘हवा में उड़ते जहाज’ का रहस्य?

दरअसल, वीडियो में दिखाई दे रहा यह दृश्य किसी जादू या तकनीकी छेड़छाड़ का नतीजा नहीं है. इसे विज्ञान की भाषा में ‘सुपीरियर मिराज’ कहा जाता है. यह एक दुर्लभ ऑप्टिकल इल्यूजन यानी दृष्टिभ्रम होता है जिसमें दूर मौजूद वस्तुएं अपनी वास्तविक स्थिति से काफी ऊपर दिखाई देने लगती हैं.

तापमान के अंतर से बनता है भ्रम

विशेषज्ञों के अनुसार, जब वायुमंडल की अलग-अलग परतों में तापमान में बड़ा अंतर होता है, तो रोशनी सीधी यात्रा करने के बजाय मुड़ने लगती है. इस प्रक्रिया को रिफ्रैक्शन यानी अपवर्तन कहा जाता है. रोशनी के इसी मुड़ने की वजह से समुद्र में दूर मौजूद जहाज आकाश में तैरता हुआ दिखाई देता है. असल में जहाज अपनी जगह पर ही होता है लेकिन हमारी आंखों को उसका दृश्य अलग नजर आता है.

ये भी पढ़ें-अफगानिस्तान के कुनार में बड़ा हादसा; स्कूल के पास धमा के में 6 छात्रों की मौत, 97 घायल

सोशल मीडिया पर बढ़ी दिलचस्पी

इस अनोखे वीडियो ने लोगों के बीच विज्ञान को लेकर भी दिलचस्पी बढ़ा दी है. कई यूजर्स ने इसे प्रकृति और विज्ञान का शानदार मेल बताया. वहीं, विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे दृश्य दुर्लभ होते हैं लेकिन सही मौसम और तापमान की स्थिति में इन्हें देखा जा सकता है. यही वजह है कि जसील का यह वीडियो दुनियाभर में लोगों का ध्यान खींच रहा है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism