अमित शाह ने की भगवान मुरुगन से सुख-समृद्धि की कामना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कार्तिगई दीपम के अवसर पर भगवान मुरुगन से सभी के सुख, स्वास्थ्य, कल्याण और समृद्धि की कामना की. उन्होंने तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी के दीपाथून पर दीप प्रज्वलित किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर संदेश साझा किया.
गृह मंत्री का सोशल मीडिया पोस्ट
गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘वेत्रिवेल मुरुगनुक्कु अरोहारा! भगवान मुरुगन अपने विजयशाली भाले से बुरी शक्तियों का नाश करते हैं और कार्तिगई दीपम का प्रकाश सभी अंधकार को दूर करता है. भगवान मुरुगन सभी को आनंद, कल्याण और समृद्धि का आशीर्वाद दें.’
कब हुआ दीप प्रज्वलित?
इससे पहले शनिवार को तमिलनाडु के मदुरै जिले में तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी के शीर्ष पर स्थित दीपाथून पर शाम पांच बजे पवित्र दीप प्रज्वलित किया गया. यह लंबे समय से चल रहे धार्मिक विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुपालन में किया गया.
दीप प्रज्वलित में कौन-कौन हुए शामिल?
दीप प्रज्वलन 13 सदस्यीय समिति की निगरानी में हुआ. समिति में हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश एस. वैद्यनाथन और एस. पार्थिबन, मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और मंदिर के पुजारी शामिल थे. दीप प्रज्वलित होने के बाद श्रद्धालुओं ने पारंपरिक ढोल की धुन के बीच ‘मुरुगनुक्कु अरोहारा’ के नारे लगाए. श्रद्धालु शनिवार सुबह से ही मंदिर परिसर में जुटने लगे थे.
पहाड़ी और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
इस अवसर पर पहाड़ी और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान तैनात किए गए थे और सुरक्षा मजबूत करने के लिए अतिरिक्त 400 जवान भी बुलाए गए थे.
सुप्रीम कोर्ट ने दी थी अनुमति
सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान पहाड़ी के शीर्ष पर स्थित पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने की अनुमति दी थी. हालांकि, पहले दीप केवल उची पिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक स्थान पर जलाया गया था, जिसके बाद अवमानना की तीन कार्यवाहियां शुरू हुईं.
शुक्रवार को न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने पहले के आदेश का पालन नहीं किए जाने को लेकर तमिलनाडु के अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी जताई थी. इसके बाद शीर्ष अदालत ने मंदिर के न्यास बोर्ड के कामकाज को अगले आदेश तक निलंबित कर दिया और मंदिर प्रशासन की जिम्मेदारी हाईकोर्ट के दो सेवानिवृत्त न्यायाधीशों को सौंप दी.
मुस्लिम श्रद्धालुओं के लिए क्या था निर्देष?
अदालत ने पहाड़ी पर स्थित दरगाह को पर्याप्त सुरक्षा देने और वहां आने वाले मुस्लिम श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की बाधा नहीं पहुंचाने का निर्देश भी दिया. शनिवार को दीप प्रज्वलन समारोह के दौरान पहाड़ी के शीर्ष तक पहुंच केवल अधिकृत लोगों के लिए सीमित रखी गई थी.
ये भी पढ़ें-थिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर जला कार्तिगई दीपम, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पूरी हुई परंपरा
तिरुपरनकुंद्रम को भगवान मुरुगन के छह पवित्र धामों में पहला माना जाता है. दीपाथून पर दीप प्रज्वलित होना इस धार्मिक समारोह को लेकर लंबे समय से जारी कानूनी और धार्मिक विवाद में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



