Bharat Express DD Free Dish

गुना में औद्योगिक क्रांति का आगाज! अदाणी सीमेंट यूनिट का भूमिपूजन, प्रणव अदाणी ने बताया भविष्य का रोडमैप

Pranav Adani Guna: अदानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के निदेशक प्रणव अदाणी ने मध्य प्रदेश के गुना में अदाणी सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट के भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह प्रोजेक्ट सिर्फ एक औद्योगिक शुरुआत नहीं, बल्कि राज्य के विकास और रोजगार को नई दिशा देने वाला कदम है.

Pranav Adani Guna

Pranav Adani Guna

Pranav Adani Guna: अदानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के निदेशक प्रणव अदाणी ने मध्य प्रदेश के गुना में अदाणी सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट के भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह प्रोजेक्ट सिर्फ एक औद्योगिक शुरुआत नहीं, बल्कि राज्य के विकास और रोजगार को नई दिशा देने वाला कदम है. उन्होंने कहा कि अदाणी ग्रुप का उद्देश्य केवल कारोबार बढ़ाना नहीं, बल्कि देश और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है.

कार्यक्रम में डॉ. मोहन यादव, ज्योतिरादित्य सिंधिया, गोविंद सिंह राजपूत और प्रद्युम्न सिंह तोमर समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे.

प्रणव अदाणी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश तेजी से औद्योगिक विकास की ओर बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का फोकस इंफ्रास्ट्रक्चर, इंडस्ट्री और रोजगार पर है, जिससे निवेश के लिए अनुकूल माहौल बना है. पीएम गति शक्ति विजन के तहत लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्ट सुविधाओं में हुए सुधारों ने भी उद्योगों को मजबूती दी है.

उन्होंने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का विशेष आभार जताते हुए कहा कि उनके सहयोग से विकास योजनाओं को जमीन पर तेजी से उतारने में मदद मिली है.

मध्य प्रदेश में होगा 1.10 लाख करोड़ का निवेश

प्रणव अदाणी ने बताया कि पिछले साल भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में गौतम अदाणी ने मध्य प्रदेश में 1.10 लाख करोड़ रुपये निवेश करने का संकल्प लिया था. यह निवेश हाइड्रो पंप्ड स्टोरेज, सीमेंट, माइनिंग, स्मार्ट मीटर और थर्मल एनर्जी जैसे क्षेत्रों में किया जाएगा. इससे वर्ष 2030 तक करीब 1.20 लाख रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है.

उन्होंने कहा कि गुना का यह प्रोजेक्ट उसी संकल्प को जमीन पर उतारने की दिशा में बड़ा कदम है. कंपनी का फोकस स्थानीय युवाओं को रोजगार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर रहेगा.

मध्य प्रदेश में बड़े स्तर पर निवेश कर रहा अदाणी ग्रुप

प्रणव अदाणी ने बताया कि अदाणी ग्रुप पहले से ही मध्य प्रदेश में बड़े स्तर पर निवेश कर रहा है. कटनी जिले के अमेठा और काइमोर प्लांट में 4 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया जा चुका है. वहीं अदाणी पावर राज्य को 1200 मेगावॉट बिजली की आपूर्ति कर रही है और 5600 मेगावॉट अतिरिक्त बिजली उत्पादन की तैयारी चल रही है.

उन्होंने कहा कि लाहौरी, धार, रतलाम और उज्जैन में विंड एनर्जी प्रोजेक्ट्स भी शुरू किए गए हैं. उज्जैन में भी जल्द सीमेंट प्लांट का भूमिपूजन किया जाएगा.

गुना में बनने वाला नया सीमेंट प्लांट दो चरणों में तैयार होगा और इसकी सालाना क्षमता 40 लाख मीट्रिक टन होगी. पहले चरण को वर्ष 2028 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है. इस प्रोजेक्ट में 1060 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा, जिसे गुना का अब तक का सबसे बड़ा निवेश बताया जा रहा है.

1500 लोगों को मिलेगा रोजगार

प्रणव अदाणी के मुताबिक, इस परियोजना से करीब 1500 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा. साथ ही ट्रांसपोर्टेशन, लोकल सप्लाई और छोटे व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा. आने वाले समय में यह प्रोजेक्ट राज्य की अर्थव्यवस्था और राजस्व में भी बड़ा योगदान देगा.

ये भी पढ़ें- वैश्विक समुद्री व्यापार में अमेरिका-चीन को टक्‍कर दे रहा भारत, इतिहास रचने के कगार पर हैं हमारे ये बंदरगाह

अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि यह निवेश सिर्फ एक सीमेंट प्लांट का नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के लोगों, युवाओं और राज्य के भविष्य पर भरोसे का निवेश है. अदाणी ग्रुप राज्य के विकास में साझेदार बनकर आगे भी काम करता रहेगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read