अदाणी समूह की प्रमुख नवीकरणीय ऊर्जा (रिन्यूएबल एनर्जी) कंपनी अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (AGEL) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (जून तिमाही) के शानदार वित्तीय नतीजे पेश किए हैं. अहमदाबाद से जारी बयान के अनुसार, कंपनी ने अपनी ऑपरेशनल रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता में सालाना आधार पर 27 प्रतिशत का इजाफा किया है. इस मजबूत प्रदर्शन के दम पर कंपनी का एबिटडा (EBITDA) अब तक के सबसे उच्चतम तिमाही स्तर 4,122 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है.
20,000 मेगावाट क्षमता का आंकड़ा पार
स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में अदाणी ग्रीन ने बताया कि कंपनी की कुल ऑपरेशनल रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता बढ़कर 20,142 मेगावाट (20.14 GW) हो गई है. वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में बिजली आपूर्ति से आय सालाना आधार पर 29 प्रतिशत बढ़कर 4,280 करोड़ रुपये पहुंच गई, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 3,094 करोड़ रुपये थी.
वहीं, बिजली आपूर्ति से एबिटडा 33 प्रतिशत बढ़कर 4,122 करोड़ रुपये हो गया (जो पिछले साल 2,944 करोड़ रुपये था). इस दौरान कंपनी का एबिटडा मार्जिन 94 प्रतिशत रहा, जो इसकी बेहतरीन परिचालन दक्षता और मुनाफा कमाने की क्षमता को दर्शाता है. कंपनी का कैश प्रॉफिट भी 28 प्रतिशत बढ़कर 2,225 करोड़ रुपये हो गया है.
खावड़ा में दुनिया का बड़ा बैटरी स्टोरेज प्रोजेक्ट
कंपनी ने गुजरात के खावड़ा में 1,972 मेगावाट की बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (BESS) स्थापित की है, जिससे वहां कुल स्थापित क्षमता बढ़कर 3,551 मेगावाट हो गई है. यह दुनिया में एक ही स्थान पर स्थापित सबसे बड़ी बीईएसएस परियोजनाओं में से एक है. कंपनी का लक्ष्य वर्ष 2026-27 तक 10,000 मेगावाट से अधिक अतिरिक्त बीईएसएस क्षमता जोड़ना है, ताकि 2030 तक 50,000 मेगावाट (50 GW) के कुल लक्ष्य को हासिल किया जा सके.
सीईओ आशीष खन्ना का बड़ा बयान
अदाणी ग्रीन के सीईओ आशीष खन्ना ने कहा कि कंपनी ने अनुशासित क्रियान्वयन के बल पर 20 गीगावॉट परिचालन क्षमता का महत्वपूर्ण मील का पत्थर पार किया है. देश में बिजली की बढ़ती मांग के बीच कंपनी का बढ़ता नवीकरणीय पोर्टफोलियो भारत की स्वच्छ ऊर्जा जरूरतों को मजबूती से पूरा कर रहा है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
