टेक जगत की सबसे बड़ी कंपनी एप्पल (Apple) से आज एक ऐतिहासिक खबर (Apple CEO Change) सामने आई है. करीब 15 वर्षों तक कंपनी का सफल नेतृत्व करने वाले टिम कुक ने सीईओ (CEO) का पद छोड़ने का आधिकारिक ऐलान कर दिया है. दरअसल टिम कुक अब कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के रूप में नई भूमिका निभाएंगे. वहीं कंपनी ने उनके उत्तराधिकारी के नाम पर से भी पर्दा उठाते हुए जॉन टर्नस (John Ternus) के नाम का ऐलान किया है, जोकि 1 सितंबर 2026 से एप्पल के नए कप्तान होंगे.
कौन हैं एप्पल के नए ‘कमांडर-इन-चीफ’?(John Ternus Apple)
एप्पल के नए सीईओ के रूप में चुने गए जॉन टर्नस वर्तमान में कंपनी में हार्डवेयर इंजीनियरिंग के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट हैं. साल 2001 में प्रोडक्ट डिजाइन टीम से एप्पल में अपना सफर शुरू करने वाले जॉन पिछले 25 वर्षों से कंपनी के रीढ़ रहे हैं.
वहीं यह भी बता दें कि टिम कुक ने खुद उनकी सराहना करते हुए कहा कि जॉन के पास एक “इंजीनियर का तेज दिमाग और एक इनोवेटर की आत्मा” है. उन्होंने आईफोन से लेकर मैक के ट्रांजिशन तक, जॉन टर्नस ने एप्पल के लगभग हर बड़े हार्डवेयर रिवोल्यूशन में अहम भूमिका निभाई है.
टिम कुक का वो सुनहरा दौर
दरअसल टिम कुक ने साल 2011 में दिग्गज स्टीव जॉब्स के निधन के बाद एप्पल की कमान संभाली थी. उनके 15 साल के कार्यकाल को ‘गोल्डन एरा’ कहना गलत नहीं होगा. उनके नेतृत्व में एप्पल की मार्केट वैल्यू 350 अरब डॉलर से बढ़कर 4 ट्रिलियन डॉलर के अविश्वसनीय स्तर पर पहुंच गई. कुक ने न केवल आईफोन की विरासत को आगे बढ़ाया बल्कि एप्पल वॉच, एयरपॉड्स और एप्पल विजन प्रो जैसी नई कैटेगरी लॉन्च करके कंपनी को दुनिया की सबसे मूल्यवान टेक कंपनी बनाए रखा.
यह भी पढ़ें: ‘मेरी सुरक्षा में चूक की जिम्मेदार ममता दीदी होगी’, रेखा गुप्ता को अंधेरे में क्यों करनी पड़ी जनसभा?
भावुक संदेश के साथ जिम्मेदारी का हस्तांतरण
65 वर्षीय टिम कुक ने पद छोड़ने के फैसले पर भावुक होते हुए कहा कि एप्पल का सीईओ होना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है. उन्होंने जॉन टर्नस पर अपना अटूट भरोसा जताते हुए कहा कि वे ही वो सही व्यक्ति हैं जो कंपनी के मिशन और मूल्यों को भविष्य में सुरक्षित रखेंगे. वहीं, जॉन टर्नस ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वे स्टीव जॉब्स और टिम कुक जैसे दिग्गजों के मार्गदर्शन में काम करके खुद को खुशनसीब मानते हैं और एप्पल के भविष्य को लेकर काफी उत्साहित हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



