Bharat Express DD Free Dish

मिडिल ईस्ट में तनाव… जंग के बीच सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट

Gold Silver Price Drop: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध से बढ़े ग्लोबल तनाव के बावजूद सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है.

Gold Silver Price Drop: अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों ने पूरे मिडिल ईस्ट को हिला दिया है. इस तनाव का असर सीधे ग्लोबल मार्केट पर दिख रहा है. आमतौर पर युद्ध के समय सोना-चांदी को सुरक्षित निवेश माना जाता है लेकिन इस बार हालात उल्टे हैं. दोनों कीमती धातुओं के भाव में गिरावट दर्ज की गई है.

चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट

पिछले हफ्ते चांदी के भाव में जोरदार उतार-चढ़ाव देखने को मिला. 27 फरवरी को एमसीएक्स पर 5 मई एक्सपायरी वाली चांदी का भाव 2,82,644 रुपये प्रति किलो था. वहीं, 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद यह घटकर 2,68,569 रुपये प्रति किलो पर आ गया. यानी एक हफ्ते में चांदी 14,075 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई.

हाई लेवल से अब भी सस्ती

अगर चांदी के ऑल टाइम हाई से तुलना करें तो अभी भी काफी सस्ती मिल रही है. 29 जनवरी को चांदी ने पहली बार 4 लाख रुपये का स्तर पार किया था और 4,20,048 रुपये प्रति किलो का रिकॉर्ड बनाया था. इसके बाद लगातार गिरावट आई और भाव 2.25 लाख रुपये तक पहुंच गया. मौजूदा रेट से तुलना करें तो हाई से चांदी 1,51,479 रुपये प्रति किलो सस्ती है.

सोने के भाव में गिरावट

चांदी ही नहीं सोने की कीमत भी फिसली है. 27 फरवरी को एमसीएक्स पर 2 अप्रैल एक्सपायरी वाला सोना 1,62,104 रुपये प्रति 10 ग्राम था. बीते शुक्रवार को यह मामूला गिरावट के साथ 1,61,675 रुपये पर बंद हुआ. यानी एक हफ्ते में सोना 429 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया.

हाई से सोना भी नीचे

सोने ने भी 29 जनवरी को अपना ऑल टाइम हाई बनाया था. उस दिन 24 कैरेट गोल्ड का भाव 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था लेकिन इसके बाद लगातार गिरावट आई और मौजूदा भाव हाई से 31,421 रुपये कम है.

एक्सपर्ट्स की राय

विशेषज्ञों का कहना है कि युद्ध शुरू होने से पहले ही सोना-चांदी में भारी तेजी देखने को मिली थी. निवेशकों ने सुरक्षित ठिकाने के तौर पर इन धातुओं में पैसा लगाया था लेकिन जैसे ही जंग लंबी खिंचने लगी, लोग मुनाफावसूली करने लगे और कैश अपने पास रखने लगे. यही वजह है कि ग्लोबल टेंशन के बावजूद सोना-चांदी के भाव नीचे आ गए.

ये भी पढ़ें-रीवा एक्सप्रेस में आशुतोष ब्रह्मचारी पर धारदार हथियार से हमला, टॉयलेट में छिपकर बचाई जान

निवेशकों के लिए संकेत

इस गिरावट ने निवेशकों को सोचने पर मजबूर कर दिया है. आमतौर पर युद्ध के समय सोना-चांदी महंगे होते हैं, लेकिन इस बार हालात अलग हैं. एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले दिनों में इनकी कीमतों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read