Most Powerful Women In India: रिलायंस फाउंडेशन की फाउंडर और चेयरपर्सन नीता एम. अंबानी (Nita M. Ambani) ने एक बार फिर वैश्विक और राष्ट्रीय मंच पर देश का मान बढ़ाया है. प्रतिष्ठित बिजनेस मैगजीन ‘फॉर्च्यून इंडिया’ (Fortune India) द्वारा जारी की गई साल 2026 की ‘मोस्ट पावरफुल वुमन’ (Most Powerful Women) की वार्षिक रैंकिंग सूची में नीता अंबानी को देश में पहले स्थान (#1) पर रखा गया है. मुंबई के फोर सीजन्स होटल में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान उन्हें इस सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया. इस समारोह की तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें नीता अंबानी पारंपरिक पिंक साड़ी में मंच पर मुख्य अतिथियों की मौजूदगी में यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी ग्रहण करती नजर आ रही हैं.
10 करोड़ से ज्यादा जिंदगियों को बदला
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, यह प्रतिष्ठित सम्मान उनके दूरदर्शी नेतृत्व, सामाजिक उत्थान, संस्था-निर्माण और समावेशी विकास के प्रति उनके निरंतर प्रयासों को समर्पित है. उनके मार्गदर्शन में रिलायंस फाउंडेशन ने देश भर में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर पार करते हुए 10 करोड़ (100 मिलियन) से अधिक लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है, जिसमें विशेष रूप से 2 करोड़ 90 लाख (29 मिलियन) बच्चे शामिल हैं.
‘सच्ची ताकत दूसरों को सशक्त बनाने में है’
सम्मान स्वीकार करते हुए नीता अंबानी ने मंच से एक बेहद प्रेरणादायक संदेश दिया. उन्होंने कहा, “मेरे लिए सच्ची ताकत दूसरों को सशक्त बनाने में निहित है।” उन्होंने समाज में करुणा, समावेश और हर वर्ग के लिए समान अवसर सृजित करने पर जोर दिया. इस सूची में अन्य प्रमुख नाम जैसे रोशनी नादर मल्होत्रा (HCLTech) दूसरे और अपोलो हॉस्पिटल्स की रेड्डी बहनें तीसरे स्थान पर रहीं. गौरतलब है कि इस सम्मान से कुछ ही दिन पहले नीता अंबानी को अमेरिका के फ्लोरिडा में प्रतिष्ठित ‘AAPI ह्यूमैनिटेरियन अवॉर्ड’ (AAPI Humanitarian Award) से भी सम्मानित किया गया था, जो उनके निरंतर सामाजिक कार्यों की वैश्विक गूंज को दर्शाता है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


