RBI Ahmedabad bank robbery (AI)
अगर ऐसा कहा जाए कि आपके पैसे बैंक में भी सुरक्षित नहीं हैं, तो यह बात मानना आसान नहीं होगा. लेकिन हालिया मामला इस बात की पूरी तरह पुष्टि करता है. जानकारी के मुताबिक, गुजरात के अहमदाबाद में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के खजाने से 8.70 करोड़ रुपये चोरी हो गए. चोरी करने वाला शख्स बैंक में ही काम करता था. पैसे मिलते ही आरोपी ने मनाली की छुट्टी लेकर भाग गया.
बता दें कि यह चोरी अहमदाबाद के बैंक ऑफ बड़ौदा की एक ब्रांच में मौजूद RBI खजाने से हुई है. जानकारी के अनुसार, 13 जनवरी 2026 को आरोपी अपने साथ 2 मजदूरों को लेकर बैंक में साफ-सफाई करने के इरादे से RBI के खजाने वाले कमरे में गया. जिसके बाद वहां से कचरे की पेटी में करोड़ों रुपये चुराकर बैंक से भाग गया.
चोरी के बाद भी ऑफिस आता था
बैंक में चोरी करने वाला कर्मचारी बहुत चालाक था. किसी को उस पर शक न हो, इसलिए वह चोरी के बाद भी रोज ऑफिस आता रहा. उसे पता था कि CCTV फुटेज 90 दिन में डिलीट हो जाती है. करीब 98 दिन तक ऑफिस आने के बाद उसने मेडिकल लीव ली और लंबी छुट्टी लेकर फरार हो गया.
एक गलती और खेल खत्म
कर्मचारी ने चोरी के पैसों को ज्यादा दिन तक नहीं छुपा पाया. उसने उसी पैसों से घर और गाड़ी खरीदी. उसने अपनी एक महिला सहकर्मी को मकान खरीदने के लिए 23 लाख रुपये भी दिए और कुछ रकम शेयर बाजार में निवेश कर दी.
मामले का खुलासा तब हुआ, जबरिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने खजाने में रखे कैश की जांच की. इसके बाद बैंक के CCTV फुटेज देखे गए, जिनमें चोरी साफ दिखाई दी. पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की तो पता चला कि आरोपी मनाली घूमने गया हुआ है.
ये भी पढ़ें: Quad के 3 बड़े फैसले: पकड़ी जाएगी चीन की हर चालाकी? भारत, अमेरिका, जापान, ऑस्ट्रेलिया ने तैयार किया नया ग्रिड
क्यों की चोरी? आरोपी ने बताया
पुलिस ने छापा मारकर आरोपी की गाड़ी से 2 करोड़ 20 लाख रुपये नकद बरामद किए. इसके बाद 22 मई को उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में आरोपी ने चोरी की बात मान ली. उसने बताया कि वह पिछले 15 साल से बैंक में काम कर रहा था और लग्जरी जिंदगी जीने के लिए यह चोरी की. आरोपी ने यह भी कबूल किया कि चोरी की रकम में से करीब 4 करोड़ रुपये वह खर्च कर चुका है.
पुलिस ने कुछ पैसे बरामद कर लिए हैं, जबकि बाकी रकम की तलाश जारी है. आरोपी की पत्नी रेलवे पुलिस में सिपाही है और मामले में उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


