विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा है कि उन्होंने विश्व स्वास्थ्य सभा (WHA) के 78वें सत्र में वर्चुअल रूप से शामिल होकर एक ऐतिहासिक क्षण का हिस्सा बनकर वैश्विक स्वास्थ्य सहयोग को मजबूत किया है.
बता दें कि मंगलवार को हुई इस बैठक में WHO के सदस्य देशों ने दुनिया के पहले ‘महामारी समझौते’ (Pandemic Accord) को सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया. इसका उद्देश्य भविष्य में महामारी जैसी आपात स्थितियों से सामूहिक और समान रूप से निपटना है.
डब्ल्यूएचओ प्रमुख टेड्रोस ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “नमस्ते प्रधानमंत्री @narendramodi, #WHA78 के ऐतिहासिक अवसर पर वर्चुअल रूप से शामिल होने के लिए धन्यवाद, जब #PandemicAccord को अपनाया गया. हम @WHO को भारत के समर्थन और प्रतिबद्धता के लिए आभारी हैं.”
पीएम मोदी ने वीडियो संदेश में क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि “एक स्वस्थ विश्व का भविष्य समावेशिता, एकीकृत दृष्टिकोण और वैश्विक सहयोग पर निर्भर करता है.”
उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने हमेशा एक व्यवस्थित, टिकाऊ और दोहराए जा सकने वाले मॉडल के जरिए स्वास्थ्य क्षेत्र में वैश्विक दक्षिण (Global South) की जरूरतों को प्राथमिकता दी है.
प्रधानमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि इस साल की थीम ‘वन वर्ल्ड फॉर हेल्थ’ (One World for Health) भारत की वैश्विक स्वास्थ्य नीति के दृष्टिकोण से पूरी तरह मेल खाती है.
ये भी पढ़ें- भारत के साथ व्यापार अब ‘तेज, सस्ता और आसान’ होगा: ब्रिटेन सरकार का दावा
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


