रिपोर्ट- अनिल पाण्डेय
MP News: शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में एक बड़ी ठगी का मामला सामने आया है. घरेलू सामान और फर्नीचर पर भारी छूट देने का लालच देकर सैकड़ों लोगों से लाखों रुपये ऐंठ लिए गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है.
जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, हॉस्पिटल रोड स्थित एलआईसी ऑफिस के सामने गणेश यशोदा कॉम्प्लेक्स में ‘मोहना ट्रेडर्स’ नाम से एक फर्म संचालित हो रही थी. शुरुआत में दुकान संचालक ने ग्राहकों को बाजार कीमत से करीब 80 प्रतिशत तक की छूट पर सामान दिया, जिससे लोगों का भरोसा जीत लिया गया. जब लोगों का विश्वास बन गया, तो संचालक ने नई योजना शुरू की. इसमें 50 प्रतिशत छूट का ऑफर देकर ग्राहकों से एडवांस राशि जमा कराई गई और भविष्य में सामान देने का वादा किया गया.
‘मोहना ट्रेडर्स’ फरार
भारी छूट के झांसे में आकर बड़ी संख्या में लोगों ने फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान खरीदने के लिए अपनी मेहनत की कमाई एडवांस में जमा कर दी. ग्राहकों को सामान देने की एक तय तारीख भी दी गई थी. लेकिन जब निर्धारित दिन लोग दुकान पहुंचे, तो वहां ताला लटका मिला और संचालक फरार हो चुका था. घटना की खबर फैलते ही सैकड़ों लोग दुकान के बाहर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया.
ठग के शिकार हुए लोगों ने क्या कहा?
ठगी का शिकार हुए दीपू पटेल ने बताया कि सस्ती दर पर सामान मिलने के लालच में उन्होंने अपनी जमा पूंजी लगा दी, लेकिन अब उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है. वहीं नीलू पाठक ने कहा कि परिवार की जरूरतों के लिए पैसे जमा किए थे, जो अब डूब गए.
ये भी पढ़ें: इंदौर में AI से ठगी, बेटे के अपहरण का फर्जी वीडियो दिखाकर वसूले 1 लाख रुपये
ब्यौहारी थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार संचालक की तलाश की जा रही है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी बड़ी छूट या निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





