Bharat Express DD Free Dish

जेल से रिहाई का ‘खूनी’ जश्न! दोस्त की पार्टी बनी मौत का कारण, बीच-बचाव करने गए युवक की हत्या

Indore murder case: इंदौर के हीरानगर क्षेत्र में एक पार्टी के दौरान हुए विवाद में बीच-बचाव करने गए 22 वर्षीय युवक मनीष की चाकुओं से हमला कर हत्या कर दी गई.

Indore murder case

रिपोर्ट- जय व्यास


Indore murder case: इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र स्थित रविदास नगर में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां दो गुटों के बीच चल रहे विवाद में बीच-बचाव करने गए एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान 22 वर्षीय मनीष पिता कालू सुनहरे के रूप में हुई है, जो पेशे से शादी समारोहों में डेकोरेशन का काम करता था.

जेल से छूटने की खुशी में चल रही थी पार्टी

जानकारी के अनुसार, मनीष अपने इलाके में रहने वाले ऋषभ पवार की पार्टी में शामिल होने गया था. ऋषभ हाल ही में हत्या के प्रयास के एक मामले में जेल से छूटकर आया था और इसी खुशी में उसने अपने घर पर पार्टी रखी थी. देर रात पार्टी के दौरान घर के बाहर कुछ युवकों के बीच विवाद शुरू हो गया.

झगड़ा शांत कराने की कोशिश पड़ी भारी

बताया जा रहा है कि मनीष ने जब पास में कुछ युवकों को झगड़ते देखा तो वह विवाद शांत कराने के लिए वहां पहुंच गया. लेकिन यह कोशिश उसकी जिंदगी पर भारी पड़ गई. झगड़ा कर रहे युवकों ने अचानक मनीष पर ही हमला कर दिया.

मुख्य आरोपी और साथियों ने किया हमला

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी कृष्णा ठाकुर और उसके साथियों ने मनीष पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए. हमले में मनीष के पैरों पर तीन से अधिक गहरे घाव किए गए, जिससे उसकी नसें कट गईं और अत्यधिक खून बहने लगा. गंभीर हालत में उसे तुरंत एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां गुरुवार (30 अप्रैल) सुबह करीब 4 बजे उसकी मौत हो गई.


ये भी पढ़ें: सैलरी मांगने की मिली ऐसी सजा! बरेली में बुजुर्ग महिला की बेरहमी से पिटाई का वीडियो हुआ VIRAL; देखें


पुलिस तलाश में जुटी

हीरानगर थाना पुलिस ने बताया कि कृष्णा ठाकुर इलाके का लिस्टेड बदमाश है और उस पर पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं. वह नशे का आदी भी बताया जा रहा है. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है. साथ ही घटना से जुड़े अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है. यह घटना इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर गई है और एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read