अगर आप भी बिहार पुलिस में नौकरी का सपना देख रहे हैं, तो आपके लिए बड़ी अपडेट सामने आई है. सेंट्रल सिलेक्शन बोर्ड ऑफ कॉन्स्टेबल्स (CSBC) ने कांस्टेबल भर्ती 2025 से जुड़ी शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. यह कुल 100 अंकों का टेस्ट है, जो फाइनल मेरिट को प्रभावित करेगा. इस बीच सभी उम्मीदवारों की नजर अब एडमिट कार्ड पर है, जो 25 नवंबर से सीएसबीसी की आधिकारिक वेबसाइट csbc.bihar.gov.in पर उपलब्ध होंगे.
दिसंबर में होंगे एग्जाम
इस बार बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती 19,838 पदों पर हो रही है. मार्च 2025 में इसका नोटिफिकेशन जारी किया गया था, जिसकी परीक्षा जुलाई-अगस्त 2025 के बीच आयोजित की गई थी. रिटेन एग्जाम में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को अब पीईटी में हिस्सा लेना होगा, जो 15 दिसंबर 2025 से शुरू होने जा रही है, जिसके लिए एडमिट कार्ड अनिवार्य होगा.
कैसे मिलेगा एडमिट कार्ड
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को वेबसाइट पर जाकर अपनी रजिस्ट्रेशन आईडी और बर्त डेट डालनी होगी. इसके बाद उनका एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसमें एग्जाम सेंटर, डेट, टाइम और सभी जरूरी निर्देश दिए होंगे. बिना एडमिट कार्ड के किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा में प्रवेश नहीं दिया जाएगा.
देने होंगे फिजिकल टेस्ट
पीईटी में अभ्यर्थियों को कई शारीरिक गतिविधियों से गुजरना होगा. इसमें दौड़, हाई जंप और शॉट पुट शामिल हैं, जिनके आधार पर कुल 100 अंकों का मूल्यांकन किया जाएगा. साथ ही उम्मीदवारों की लंबाई, वजन और सीने का मेजरमेंट भी लिया जाएगा. जो अभ्यर्थी निर्धारित शारीरिक मानकों को पूरा नहीं करते, उन्हें सीधे अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा.
जबकि महिला उम्मीदवारों के लिए एक अलग नियम है, जिसमें उन्हें पीईटी के समय यह घोषणा देनी होगी कि वे गर्भवती नहीं हैं, क्योंकि गर्भावस्था की स्थिति में परीक्षा देना स्वास्थ्य के लिए जोखिमभरा हो सकता है.
ऐसे होगी मेरिट लिस्ट तैयार
PET में सफल होने के बाद उम्मीदवारों के डॉक्यूमेंट्स का वेरिफिकेशन होगा. इसमें आयु, शैक्षणिक योग्यता और आरक्षण से संबंधित सभी प्रमाणपत्रों की जांच की जाएगी, जो परीक्षा वाले दिन ही पूरी होगा. अंतिम मेरिट लिस्ट पीईटी की तीनों एक्टिविटीज में मिले कुल अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी.
ये भी पढ़ें: Job Alert: ISRO में अप्रेंटिस का सुनहरा मौका, KVS–NVS भर्ती परीक्षा का शेड्यूल जारी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

