Study Abroad Tips: अगर आप भी 12वीं के बाद अमेरिका, कनाडा या किसी अन्य विदेशी देश में जाकर हायर एजुकेशन हासिल करने का सपना देख रहे हैं, तो आपके लिए यह जानना बेहद जरूरी है कि वहां की यूनिवर्सिटीज में एडमिशन का प्रोसेस क्या होता है. सिर्फ स्कूल के मार्क्स के भरोसे विदेश के टॉप कॉलेजों में सीट पक्की करना अब आसान नहीं रह गया है. ऐसे में AP एग्जाम एक ऐसा हथियार साबित हो रहा है, जो आपकी प्रोफाइल को सबसे अलग और मजबूत बना सकता है.
क्या होता है AP एग्जाम?
स्टडी अब्रॉड एक्सपर्ट के मुताबिक AP एग्जाम कॉलेज बोर्ड द्वारा कराई जाने वाली एक स्टैंडर्डाइज्ड परीक्षा है. इसके जरिए छात्रों की कॉलेज लेवल के सब्जेक्ट्स पर पकड़ और उनकी नॉलेज को 1 से 5 के पैमाने पर परखा जाता है. यह सिर्फ एक सर्टिफिकेट नहीं है, बल्कि यूनिवर्सिटीज के लिए इस बात का पक्का सबूत होता है कि छात्र विदेश की मुश्किल अकादमिक चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है.
आज के समय में जब दुनिया भर से बेहतरीन छात्र विदेशी यूनिवर्सिटीज में आवेदन कर रहे हैं, तो एडमिशन ऑफिसर्स के लिए यह तय करना मुश्किल हो जाता है कि एक जैसे नंबर लाने वाले बच्चों में से किसे चुना जाए. ऐसे में AP स्कोर एक भरोसेमंद पैमाना बन जाता है. यूनिवर्सिटीज सिर्फ यह नहीं देखतीं कि आपने स्कूल में कैसे मार्क्स हासिल किए, बल्कि वे यह भी देखती हैं कि आपने खुद से कितने कठिन सब्जेक्ट्स चुने हैं. कठिन कोर्स चुनना आपकी सीखने की ललक और मेहनत को साफ तौर पर दिखाता है.
ये भी पढ़ें- 4 साल की ट्यूशन फीस से रहने-खाने तक सब फ्री! 17 वर्षीय प्रणव ने अमेरिकन यूनिवर्सिटी से पाई ₹3.55 करोड़ की स्कॉलरशिप
क्या खास स्कूल कोर्स जरूरी है?
अक्सर छात्रों के मन में यह सवाल आता है कि क्या AP एग्जाम देने के लिए स्कूल में आधिकारिक तौर पर AP कोर्स होना जरूरी है? इस पर एक्सपर्ट का कहना है कि इसके लिए किसी खास स्कूल कोर्स की बाध्यता नहीं है. जो छात्र खुद से या ऑनलाइन इसकी तैयारी करते हैं, वे रजिस्टर्ड एग्जाम सेंटर्स के जरिए सीधे इसके लिए रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं. यह भारतीय छात्रों के लिए एक बेहतरीन मौका है क्योंकि वे अपने स्कूल के सिलेबस से आगे बढ़कर अपनी एक्स्ट्रा स्किल्स और नॉलेज को दुनिया के सामने साबित कर सकते हैं.
हालांकि यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि सिर्फ AP स्कोर के दम पर एडमिशन की गारंटी नहीं मिलती. यह आपकी पूरी प्रोफाइल यानी अकादमिक रिकॉर्ड, निबंध और एक्स्ट्राकरिकुलर एक्टिविटीज के साथ मिलकर आपकी एप्लीकेशन को दमदार बनाता है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

