Bharat Express DD Free Dish

CUET UG 2026 में कम स्कोर आया? फिर भी ऐसे मिल सकता है DU कॉलेजों में एडमिशन, जानें पूरी लिस्ट

अगर CUET UG 2026 में आपका स्कोर उम्मीद से कम आया है, तो निराश होने की जरूरत नहीं है. दिल्ली यूनिवर्सिटी के कई कॉलेज ऐसे हैं, जहां कम स्कोर पर भी एडमिशन मिलने की संभावना रहती है. जानिए किन कॉलेजों में मिल सकता है मौका.

CUET UG 2026, Delhi University

CUET UG 2026 का रिजल्ट जारी होने के बाद अब लाखों छात्रों की नजरें दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) की एडमिशन प्रक्रिया पर टिकी हैं. हर साल बड़ी संख्या में छात्र डीयू के प्रतिष्ठित कॉलेजों में दाखिला लेने का सपना देखते हैं, लेकिन सभी को नॉर्थ कैंपस या हाई कटऑफ वाले कॉलेजों में सीट नहीं मिल पाती. अगर आपका CUET स्कोर उम्मीद से कम आया है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. सही रणनीति और समझदारी से तैयार की गई प्रेफरेंस लिस्ट आपको दिल्ली यूनिवर्सिटी के अच्छे कॉलेज में दाखिला दिला सकती है.

प्रेफरेंस शीट बनाते समय न करें यह गलती

कई छात्र केवल नामी कॉलेजों को ही अपनी पहली पसंद बनाते हैं. ऐसा करने से एडमिशन मिलने की संभावना कम हो सकती है. बेहतर होगा कि आप अपने CUET स्कोर, पसंदीदा कोर्स और पिछले वर्षों के एडमिशन ट्रेंड को ध्यान में रखते हुए प्रेफरेंस शीट तैयार करें. इससे सीट मिलने के मौके बढ़ सकते हैं.

इन कॉलेजों में मिल सकता है एडमिशन

अगर आपका स्कोर लगभग 650 से 720 के बीच है, तो साउथ कैंपस का राम लाल आनंद कॉलेज एक अच्छा विकल्प हो सकता है. यहां BA प्रोग्राम, लाइफ साइंसेज समेत कई लोकप्रिय कोर्स उपलब्ध हैं और पिछले कुछ वर्षों में इसकी लोकप्रियता भी तेजी से बढ़ी है.

वहीं 630 से 700 के बीच स्कोर करने वाले छात्रों के लिए देशबंधु कॉलेज भी बेहतर विकल्प माना जाता है. यहां आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स तीनों स्ट्रीम के कई कोर्स उपलब्ध हैं और हर साल बड़ी संख्या में छात्र यहां दाखिला लेते हैं.

कॉमर्स और आर्ट्स छात्रों के लिए अच्छे विकल्प

PGDAV कॉलेज भी उन छात्रों के लिए अच्छा विकल्प है, जिनका स्कोर करीब 600 से 680 के बीच है. यह कॉलेज खासतौर पर कॉमर्स और आर्ट्स के छात्रों के बीच काफी लोकप्रिय है.

इसी तरह नॉर्थ कैंपस के नजदीक स्थित सत्यवती कॉलेज भी कम स्कोर वाले छात्रों के लिए बेहतर अवसर दे सकता है. यहां BA, B.Com और साइंस से जुड़े कई कोर्स संचालित किए जाते हैं. 620 से 690 के बीच स्कोर वाले छात्र यहां आवेदन करने पर विचार कर सकते हैं.

ये भी पढ़ें- क्या आपका बच्चा पढ़ रहा दुनिया के सबसे अच्छे स्कूल में? जानिए विश्व के टॉप-10 विद्यालयों की लिस्ट; भारत के कुल 7 शामिल

पुराने और प्रतिष्ठित कॉलेजों में भी है मौका

दिल्ली यूनिवर्सिटी के सबसे पुराने संस्थानों में शामिल जाकिर हुसैन दिल्ली कॉलेज भी एक अच्छा विकल्प माना जाता है. ह्यूमैनिटीज और कॉमर्स के छात्रों के बीच इसकी अच्छी पहचान है. करीब 620 से 700 स्कोर वाले उम्मीदवार यहां एडमिशन की उम्मीद कर सकते हैं.

साइंस छात्रों के लिए भी मौजूद हैं विकल्प

अगर आपने साइंस स्ट्रीम से CUET दिया है, तो आपके लिए भी कई अच्छे कॉलेज उपलब्ध हैं. द्वारका स्थित भास्कराचार्य कॉलेज ऑफ एप्लाइड साइंसेज कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स और फूड टेक्नोलॉजी जैसे प्रोफेशनल कोर्स के लिए जाना जाता है. वहीं आचार्य नरेंद्र देव कॉलेज साइंस और रिसर्च आधारित पढ़ाई के लिए अच्छी पहचान रखता है. 600 से 720 के बीच स्कोर करने वाले छात्रों के लिए ये दोनों कॉलेज बेहतर विकल्प साबित हो सकते हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read