CUET UG exam technical glitch
CUET UG exam technical glitch: कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट के दौरान देश के कई परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी गड़बड़ियों के कारण छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. निर्धारित समय पर परीक्षा शुरू नहीं हो सकी और कई केंद्रों पर अभ्यर्थियों को घंटों इंतजार करना पड़ा. परीक्षा आयोजित करने वाली NTA ने तकनीकी समस्याओं को देरी का प्रमुख कारण बताया.
अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश मिलने में हुई देरी
रिपोर्टों के अनुसार दिल्ली, नोएडा, पटना, हैदराबाद, देहरादून, वाराणसी और श्रीनगर सहित कई शहरों के केंद्रों पर सर्वर संबंधी दिक्कतें सामने आईं. कुछ केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन और लॉग-इन प्रक्रिया में बाधा आई, जबकि कई स्थानों पर कंप्यूटर सिस्टम धीमे काम कर रहे थे. इसके चलते अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश मिलने में भी देरी हुई.
कई छात्रों और अभिभावकों ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी व्यक्त की. उनका कहना था कि वे समय पर केंद्र पहुंचे थे, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण परीक्षा शुरू होने में एक से दो घंटे तक की देरी हुई. कुछ छात्रों ने आरोप लगाया कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई, जिससे भ्रम की स्थिति बनी रही.
यह भी पढ़ें: Gold Silver Price Today: आसमान छूते सोने-चांदी के दामों पर लगा ब्रेक! 28 मई को आई गिरावट, जानें अपने शहर में ताजा रेट
श्रीनगर में रद्द करनी पड़ी परीक्षा
श्रीनगर के एक परीक्षा केंद्र में तकनीकी गड़बड़ी इतनी गंभीर थी कि परीक्षा रद्द करनी पड़ी और प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए पुनर्परीक्षा आयोजित करने की घोषणा की गई. NTA ने कहा कि जिन केंद्रों पर समस्या आई, वहां उम्मीदवारों को पूरा परीक्षा समय उपलब्ध कराया गया और आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं.
इस घटना ने एक बार फिर देश की बड़ी ऑनलाइन परीक्षाओं की तैयारी और तकनीकी ढांचे पर सवाल खड़े कर दिए हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े ऐसे महत्वपूर्ण परीक्षाओं में मजबूत तकनीकी व्यवस्था और वैकल्पिक योजनाओं का होना बेहद आवश्यक है. छात्रों ने मांग की है कि परीक्षा संचालन में पारदर्शिता बढ़ाई जाए और भविष्य में ऐसी समस्याओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



