SBI Clerk Recruitment: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक काम की खबर सामने आई है. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने जूनियर एसोसिएट यानी क्लर्क के पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. खास बात यह है कि इस बार की यह भर्ती पूरी तरह से बैकलॉग पदों पर निकली है, जो एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं. अगर आप भी इन कैटेगरी में आते हैं और बैंक में नौकरी पाने का सपना देख रहे हैं, तो यह आपके लिए सुनहरा मौका है.
कब से और कैसे करें आवेदन?
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. योग्य और इच्छुक उम्मीदवार 27 अगस्त 2026 तक एसबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना फॉर्म भर सकते हैं. ध्यान रखें कि आवेदन केवल ऑनलाइन मोड में ही स्वीकार किए जाएंगे. इसके अलावा, नियम के मुताबिक उम्मीदवार देश के किसी एक ही राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की रिक्तियों के लिए आवेदन कर पाएंगे, इसलिए फॉर्म भरते समय सावधानी बरतें.
कैटेगरी के हिसाब से हिस्सेदारी
एसबीआई की इस स्पेशल रिक्रूटमेंट ड्राइव के तहत कुल 1538 पदों को भरा जाएगा. चूंकि यह बैकलॉग वैकेंसी है, इसलिए जनरल कैटेगरी के उम्मीदवार इसके लिए आवेदन नहीं कर सकते हैं.
एसटी वर्ग: 1219 पद
एससी वर्ग: 207 पद
ओबीसी वर्ग: 112 पद
राज्यवार बात करें तो सबसे ज्यादा 289 पद गुजरात में खाली हैं. इसके बाद महाराष्ट्र में 165, मध्य प्रदेश में 134, झारखंड में 133, कर्नाटक में 120, ओडिशा में 111 और राजस्थान में 106 पद हैं. इसके अलावा आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में भी रिक्तियां उपलब्ध हैं.
ये भी पढ़ें- ‘जो सीखेगा वही जीतेगा…’, पीएम मोदी ने आईआईटी दिल्ली के छात्रों को दिए सफलता के 10 मूलमंत्र
योग्यता और उम्र सीमा
शैक्षणिक योग्यता: आवेदन करने वाले युवाओं के पास किसी भी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए. जो छात्र अपनी ग्रेजुएशन के आखिरी साल में हैं, वे भी अप्लाई कर सकते हैं, बशर्ते उन्हें 31 दिसंबर 2026 तक डिग्री पूरी होने का प्रूफ देना होगा.
आयु सीमा: उम्मीदवार की उम्र 1 अप्रैल 2026 के आधार पर गिनी जाएगी. आपकी उम्र कम से कम 20 साल और अधिकतम 28 साल होनी चाहिए यानी आपका जन्म 2 अप्रैल 1998 से 1 अप्रैल 2006 के बीच का होना चाहिए. आरक्षित वर्गों को नियमानुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट दी जाएगी.
चयन प्रक्रिया कैसी होगी?
एसबीआई क्लर्क के इन पदों पर उम्मीदवारों का चयन तीन चरणों की परीक्षा के जरिए होगा. सबसे पहले प्रीलिम्स एग्जाम होगा, जिसके सितंबर 2026 में होने के आसार हैं. इसके बाद मुख्य परीक्षा ( मेंस) अक्टूबर या नवंबर 2026 में आयोजित की जा सकती है. जरूरत पड़ने पर आखिरी चरण में स्थानीय भाषा (लोकल लैंग्वेज) का टेस्ट भी लिया जाएगा. प्रीलिम्स परीक्षा 100 नंबर की होगी जिसमें नेगेटिव मार्किंग (0.25 मार्क्स की कटौती) का प्रावधान भी रखा गया है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

