Bharat Express DD Free Dish

UP Lekhpal Recruitment 2025: यूपी में लेखपाल के 7 हजार से ज्यादा पदों पर निकली बंपर भर्ती, यहां देखें पूरी डिटेल

यूपी में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर! UPSSSC ने 7,994 लेखपाल पदों पर भर्ती का ऐलान किया है. केवल PET 2025 स्कोर कार्ड वाले अभ्यर्थी ही इस भर्ती की मुख्य परीक्षा के लिए पात्र होंगे.

UP Lekhpal Recruitment 2025

UP Lekhpal Recruitment 2025: यूपी में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए साल का अंत एक शानदार सौगात लेकर आया है. अगर आप भी लंबे समय से लेखपाल भर्ती का इंतजार कर रहे थे, तो आपके लिए अच्छी खबर है. उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने राजस्व लेखपाल के बंपर पदों पर भर्ती का ऐलान कर दिया है. इस बार कुल 7,994 खाली पदों को भरने की तैयारी है, जो उन युवाओं के लिए बड़ा मौका है जो ग्रामीण प्रशासन का हिस्सा बनना चाहते हैं.

PET 2025 है सबसे जरूरी सीढ़ी

इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि इसमें हर कोई आवेदन नहीं कर पाएगा. आयोग ने साफ कर दिया है कि केवल वही अभ्यर्थी फॉर्म भर सकते हैं जिन्होंने PET 2025 (प्रारंभिक अर्हता परीक्षा) दी है. यानी आपका पीईटी स्कोर ही तय करेगा कि आप मुख्य परीक्षा में बैठ पाएंगे या नहीं. ध्यान रहे, जिन छात्रों का स्कोर जीरो या माइनस में है, उनके लिए रास्ते बंद रहेंगे.

तारीखें नोट कर लें, कहीं मौका चूक न जाए

लेखपाल बनने का सपना देख रहे उम्मीदवार 29 दिसंबर 2025 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. फॉर्म भरने के लिए एक महीने का समय दिया गया है और आखिरी तारीख 28 जनवरी 2026 तय की गई है. अक्सर लोग आखिरी दिनों का इंतजार करते हैं, लेकिन सर्वर की समस्या से बचने के लिए समय रहते आवेदन करना ही समझदारी है.

अगर फॉर्म भरते समय कोई छोटी-मोटी गलती हो जाती है, तो उसे सुधारने के लिए 4 फरवरी 2026 तक का मौका भी दिया जाएगा. आवेदन के लिए आपको आयोग की ऑफिशियल वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाना होगा.

पदों का गणित: किसके हिस्से कितनी सीटें?

आयोग ने समाज के हर वर्ग का ध्यान रखते हुए पदों का बंटवारा किया है. कुल 7,994 पदों में से 4,165 पद जनरल कैटेगरी के लिए हैं. इसके अलावा ओबीसी के लिए 1,441, एससी के लिए 1,446 और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 792 पद सुरक्षित रखे गए हैं.

महिलाओं के लिए भी 1,592 पदों का बड़ा कोटा तय किया गया है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अच्छा कदम है. साथ ही भूतपूर्व सैनिकों और खिलाड़ियों के लिए भी अलग से सीटें आरक्षित हैं.

ये भी पढ़ें- CLAT रिजल्ट का इंतजार जल्द हो सकता है खत्म, लाखों छात्रों की निगाहें आधिकारिक वेबसाइट पर, जानें पूरी डिटेल

योग्यता और उम्र का क्या है नियम?

अगर आपने किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं (इंटरमीडिएट) पास कर ली है, तो आप इस दौड़ में शामिल हो सकते हैं. उम्र की बात करें तो 18 से 40 साल तक के युवा इसमें अप्लाई कर सकते हैं. हालांकि, आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के मुताबिक उम्र में छूट दी जाएगी. फीस की बात करें तो आयोग ने बहुत ही राहत दी है, सभी कैटेगरी के लिए सिर्फ 25 रुपये का आवेदन शुल्क रखा गया है.

कैसा होगा एग्जाम और क्या है सिलेबस?

चयन का आधार पूरी तरह से लिखित परीक्षा होगी. 100 नंबरों का पेपर होगा जिसमें 100 सवाल पूछे जाएंगे. आपको 2 घंटे का समय मिलेगा. संभलकर जवाब दीजिएगा क्योंकि गलत उत्तर पर नेगेटिव मार्किंग भी होगी. सिलेबस में हिंदी, गणित, सामान्य ज्ञान के साथ-साथ ‘ग्राम समाज एवं विकास’ और ‘यूपी स्पेशल’ पर खास जोर रहेगा. यानी अगर आपको लेखपाल बनना है, तो उत्तर प्रदेश की भौगोलिक और सामाजिक स्थिति की अच्छी समझ होनी चाहिए.

Also Follow Bharat Express on Youtube

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read