बिहार विधानसभा चुनाव 2025 अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है. राज्य की सियासत में इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प और कांटे का बताया जा रहा है. कुल 2616 उम्मीदवार इस चुनावी जंग में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, वहीं जनता ने 67.16 प्रतिशत की रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग के साथ लोकतंत्र के इस पर्व में उत्साह से हिस्सा लिया. अब सभी की निगाहें उन वीआईपी सीटों पर टिकी हैं, जहाँ से राज्य दिग्गज नेता ताल ठोंक रहे हैं. शुक्रवार, 14 नवंबर की सुबह से शुरू होने वाली मतगणना में ये तय होगा कि बिहार की सत्ता की कुर्सी पर कौन बैठेगा, पुरानी सरकार की वापसी होगी या नई कहानी लिखी जाएगी.
10 VIP सीटों पर नजर
1. रघुनाथपुर विधानसभा सीट: रघुनाथपुर सीट पर भी सभी की नजरें हैं. यह सीट फिलहाल आरजेडी के पास है. इस बार आरजेडी ने यहां से मोहम्मद शाहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शाहाब चुनाव मैदान में उतारा है. वहीं JDU से विकास कुमार सिंह चुनावी मैदान में है और ओसामा को सीधी टक्कर दे रहे हैं. प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज ने राहुल कीर्ति सिंह को मैदान में उतारा है.
2. राघोपुर विधानसभा सीट: इस सीट से आरजेडी नेता और महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार तेजस्वी यादव चुनाव मैदान में हैं. NDA की ओर से सतीश यादव चुनाव मैदान में हैं. वहीं जनसुराज पार्टी के चंचल कुमार भी इस सीट पर ताल ठोंक रहे हैं.
3. महुआ विधानसभा सीट: यहां से आरजेडी ने मुकेश रौशन को प्रत्याशी बनाया है. एनडीए की ओर से एलजेपी (रामविलास) के प्रत्याशी संजय सिंह यहां से मैदान में हैं. वहीं इस सीट पर जनशक्ति जनता दल के तेज प्रताप यादव भी ताल ठोंक रहे हैं.
4. तारापुर विधानसभा सीट: इस सीट पर बीजेपी नेता और मौजूदा डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी चुनाव मैदान में हैं. यहां RJD ने अरुण कुमार साह को अपना उम्मीदवार बनाया है.
5. लखीसराय विधानसभा सीट: बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा इस सीट से एनडीए के प्रत्याशी हैं. यहां से कांग्रेस के अमरेश कुमार मैदान में हैं.
6. अलीनगर विधानसभा सीट: दरभंगा जिले के अलीनगर विधानसभा सीट से बीजेपी ने गायिका मैथिली ठाकुर को चुनाव मैदान में उतारा है. RJD ने यहां से विनोद मिश्रा पर भरोसा जताया है, जबकि जन सुराज पार्टी ने विप्लव चौधरी को टिकट दिया है.
7. मनेर विधानसभा सीट: इस सीट पर आरजेडी ने तीन बार के विधायक भाई वीरेंद्र को फिर से चुनाव मैदान में उतारा है. उनका मुकाबला NDA के प्रत्याशी जितेंद्र यादव से है.
8. मोकामा विधानसभा सीट: इस सीट से जेल में बंद JDU विधायक अनंत सिंह का मुकाबला RJD की वीणा देवी से है. वीणा देवी बाहुबली सूरजभान सिंह की पत्नी हैं.
9. दानापुर विधानसभा सीट: पटना जिले की इस सीट पर आरजेडी की ओर से रीतलाल यादव पर ही भरोसा जाताया गया है, जो इस सीट पर मौजूदा विधायक हैं. बीजेपी ने यहां से पूर्व सांसद रामकृपाल यादव को टिकट दिया है.
10. गोपालगंज विधानसभा सीट: NDA की तरफ से यहां से सुभाष सिंह को मैदान में उतारा गया है. महागठबंधन में ये सीट कांग्रेस के पास है. यहां से कांग्रेस ने ओमप्रकाश गर्ग को चुनाव मैदान में उतारा है. यहां असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM से अनस सलाम भी चुनाव लड़ रहे हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



