Bharat Express DD Free Dish

लोकतंत्र का रण: केरल, असम और पुडुचेरी में आज जनता करेगी फैसला; 296 सीटों पर 5.30 करोड़ मतदाता करेंगे वोट

आज 9 अप्रैल को केरल (140 सीटें), असम (126 सीटें) और पुडुचेरी (30 सीटें) में एक ही चरण में मतदान हो रहा है. केरल में एलडीएफ, यूडीएफ और एनडीए के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है, जबकि असम में बीजेपी नीत एनडीए और कांग्रेस के नेतृत्व वाले ‘असम संमिलित मोर्चा’ के बीच सीधी टक्कर है.

kerala-assam-puducherry-Assembly Election 2026-phase-1-voting

Assembly Elections 2026: आज 9 अप्रैल 2026 को भारत के चुनावी इतिहास का एक महत्वपूर्ण दिन है. केरल, असम और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों के लिए मतदान की प्रक्रिया सुबह 7 बजे यानी बस कुछ ही देर में शुरू होने वाली है. इन तीनों क्षेत्रों में कुल 296 विधानसभा सीटों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं.

केरल: 140 सीटों पर 883 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर

केरल की सभी 140 विधानसभा सीटों पर आज एक ही चरण में वोटिंग होने वाली है. यहा करीब 2.71 करोड़ मतदाता 883 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे. केरल में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ सीपीआई (एम) के नेतृत्व वाले एलडीएफ (LDF), कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ (UDF) और बीजेपी नीत एनडीए (NDA) के बीच है. चुनाव आयोग ने राज्य में 30,471 पोलिंग स्टेशन बनाए हैं.

असम: तीसरी बार बीजेपी या कांग्रेस की वापसी?

असम में 126 सीटों पर मतदान होने वाला है. यहां 2.50 करोड़ मतदाता 31,490 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में बीजेपी जहां सत्ता में वापसी की उम्मीद लगाए है, वहीं कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन कड़ी चुनौती पेश कर रहा है. 2023 के परिसीमन (Delimitation) के बाद यह राज्य का पहला बड़ा विधानसभा चुनाव है, जिसने कई समीकरणों को बदल दिया है.

पुडुचेरी: 30 सीटों पर कांटे की टक्कर

केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की कुल 30 सीटों पर भी आज ही वोट डाले जाएंगे. यहां एनडीए (NDA) और इंडिया (INDIA) गठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला देकने को मिलने वाला है. चुनाव मैदान में 294 प्रत्याशी हैं, जिनकी किस्मत का फैसला 9.50 लाख मतदाता करेंगे. सुरक्षा के मद्देनजर संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है.

ये भी पढ़ें: ममता-सुवेंदु की टक्कर में तीसरा कौन? तय हुआ भवानीपुर का दंगल, जानें समीकरण

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read