Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

सुल्तानपुर से लेकर दिल्ली तक EVM खराब होने की कई शिकायतें, संबित पात्रा भी हुए परेशान, मेनका गांधी और कन्हैया कुमार ने किया ये दावा, सपा ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप

उत्तर पूर्व दिल्ली सीट से कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार ने कहा, ‘मैं सभी मतदाताओं से कहूंगा कि मशीन की गड़बड़ी अपनी जगह है पर हमारा हौसला कम नहीं होना चाहिए.’

evm

सांकेतिक फोटो-सोशल मीडिया

Lok Sabha Election-2024 6th Phase: लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण को लेकर सुबह 7 बजे से मतदान जारी है, जो कि शाम 6 बजे तक चलेंगे. इस दौरान दिल्ली की सभी 7 सीटों के साथ ही देश के 7 राज्यों की 58 सीटों पर मतदान हो रहा है.

छठे चरण के चुनाव के बीच कुछ जगहों से ईवीएम खराब होने की खबरें भी सामने आ रही हैं. यूपी में सुल्तानपुर सहित 14 सीटों पर मतदान जारी है. यहां से भाजपा उम्मीदवार मेनका गांधी ने कुछ जगहों पर ईवीएम मशीन खराब होने की बात कही है. इस संबंध में उनका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

संविधान बचाने के लिए करना है वोट: कन्हैया कुमार

उत्तर-पूर्व दिल्ली से कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार ने भी दिल्ली में कुछ जगहों पर ईवीएम मशीन खराब होने का दावा किया है. शनिवार सुबह उन्होंने मतदान के बीच कहा, ‘दिल्ली में कुछ-कुछ जगहों से ईवीएम के धीमे चलने और न चलने की शिकायतें सामने आई हैं. ऐसे में मैं सभी मतदाताओं से कहूंगा कि मशीनरी की गड़बड़ी अपनी जगह है पर हमारा हौसला कम नहीं होना चाहिए. यह बुलंद रहना चाहिए. हमें गर्मी के बीच इस स्थिति में सब्र रखना है और देश के संविधान को बचाने के लिए वोट करना है.’

दिल्ली गेट इलाके में भी ईवीएम खराब होने की शिकायत मिली है. तो कहीं-कहीं ईवीएम धीरे चलने की सूचना है. हालांकि ईवीएम के साथ छेड़छाड़ का आरोप पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने भी लगाया है. जम्मू कश्मीर की हॉटसीट अनंतनाग-राजौरी सीट पर भी वोटिंग जारी है.

ये भी पढ़ें-Lok Sabha Election-2024: मतदान के दौरान थाने के बाहर धरने पर बैठीं महबूबा मुफ्ती, पुलिस पर लगाया ये आरोप, Video

संबित पात्रा को करना पड़ा इंतजार

ओडिशा के पुरी से भाजपा प्रत्याशी संबित पात्रा भी छठे चरण के दौरान अपने मतदान केंद्र पर वोट डालने गए. इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘ईवीएम काम नहीं कर रही है. ऐसे में मुझे पोलिंग बूथ के बाहर इंतजार करना पड़ा और लोगों को भी इस दौरान परेशानी हुई.’

सपा ने लगाए ये आरोप

सपा (समाजवादी पार्टी) भी लगातार अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स के जरिये वोटिंग के दौरान हो रही गड़बड़ी का आरोप लगा रही है. सपा ने जौनपुर लोकसभा के मुंगरा बादशाहपुर में बूथ संख्या 78, 143, 222 एवं 383 पर ईवीएम खराब होने की बात कही है और चुनाव आयोग से इसका संज्ञान लेने की अपील की है.

उत्तर प्रदेश में श्रावस्ती लोकसभा के भिनगा क्षेत्र में बूथ संख्या 191 को लेकर पार्टी ने आरोप लगाया है कि यहां पर पीठासीन अधिकारी महिलाओं के वोट स्वयं ही डाल दे रहे हैं, हालांकि सपा की इस पोस्ट पर जिलाधिकारी की ओर से एक पोस्ट शेयर कर कहा गया है कि मतदान में कोई गड़बड़ी नहीं है.

सपा ने जौनपुर लोकसभा की मुंगरा बादशाहपुर विधानसभा में बूथ संख्या 51 को लेकर आरोप लगाया है कि यहां पर बीजेपी के लोग मतदाताओं और सपा कार्यकर्ताओं को डरा-धमकाकर वोट डालने से रोक रहे हैं.

हालांकि इस पोस्ट पर भी जिलाधिकारी द्वारा कहा गया है कि शिकायत का संज्ञान लेते हुए तत्काल एआरओ से जांच कराई गई, मौके पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात हैं तथा शांति व्यवस्था सामान्य है. वर्तमान में मतदान सुचारू एवं शांतिपूर्ण रूप से संचालित हो रहा है.

बंगाल में सीएम ने लगाए आरोप

पश्चिम बंगाल में सीएम ममता बनर्जी ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा ईवीएम से छेड़छाड़ कर वोटों में हेराफेरी करने की कोशिश कर रही है. उन्होंने ये भी कहा कि आज बांकुरा के रघुनाथपुर में 5 ईवीएम पर बीजेपी का टैग लगा हुआ मिला. इसी के साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग से अपील की है कि तुरंत इस पर संज्ञान लिया जाए और कार्रवाई की जाए.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital