Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

एक क्लिक में पढ़िए दिनभर की 10 बड़ी चुनावी खबरें

Election 2024: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. हर जगह बात सिर्फ चुनावों की हो रही है. आइए जानते हैं चुनाव से जुड़ी 26 मार्च की 10 बड़ी खबरें, जिन पर पूरे दिन रही देश की नजर.

Election bulletin

10 बड़ी चुनावी सुर्खियां

Election 2024: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. चाय की टपरी हो या फिर पान की दुकान, हर जगह बात सिर्फ चुनावों की हो रही है. नेताओं से ज्यादा चुनाव की बातें जनता कर रही है. कौन जीतेगा, कौन हारेगा? किसने बदला पाला, किस पार्टी ने किया कौन सा चुनावी वादा. नेताओं की ओर से एक-दूसरे पर लगाए जा रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच आइए जानते हैं चुनाव से जुड़ी 26 मार्च की 10 बड़ी खबरें, जिन पर पूरे दिन रही देश की नजर.

मेरठ से पीएम मोदी का शंखनाद

लोकसभा चुनावों की तारीखों के ऐलान के बाद अब राजनीतिक पार्टियां जोर-शोर से तैयारियों में जुटी हैं. एक तरफ उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया जा रहा है तो वहीं दूसरी ओर चुनाव प्रचार की तैयारियां तेज हैं. इस कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली चुनावी रैली मेरठ में होगी. पीएम मोदी मेरठ में 30 मार्च को बीजेपी उम्मीदवार अरुण गोविल के लिए प्रचार करेंगे. इस दौरान राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी भी संयुक्त रूप से प्रधानमंत्री मोदी के साथ मंच साझा करेंगे.

पीएम मोदी ने रेखा पात्रा से की बात

टीएमसी के लिए गले की फांस बने शाहजहां शेख को पार्टी ने भले ही 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया हो, लेकिन संदेशखाली से जनता के बीच जो संदेश पहुंचा है, उससे ममता बनर्जी को लोकसभा चुनाव में नुकसान होने का खतरा है. इसी बीच बीजेपी ने बड़ा पासा फेंक दिया है. बीजेपी ने संदेशखाली इलाके की एक यौन पीड़िता रेखा पात्रा को लोकसभा चुनाव में अपना उम्मीदवार बनाया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को बीजेपी प्रत्याशी रेखा पात्रा से फोन पर बात की. इस दौरान पीएम मोदी ने रेखा पात्रा से चुनाव की तैयारियों के बारे में जानकारी ली. पीएम मोदी ने रेखा पात्रा को शक्ति स्वरूपा बताया.

बीजेपी में शामिल हुए बेअंत सिंह के पोते

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को करारा झटका लगा है. पंजाब के पूर्व सीएम बेअंत सिंह के पोते और कांग्रेस सांसद रवनीत बिट्टू ने पार्टी से इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल हो गए हैं. रवनीत सिंह बिट्टू लुधियाना लोकसभा सीट से सांसद हैं. कांग्रेस को चुनाव से पहले एक के बाद एक कई झटके लग रहे हैं. जिसमें इंडिया अलायंस के घटक दलों का अलग चुनाव लड़ना भी शामिल है. ऐसे में एनडीए को बड़ी जीत से रोकने के लिए कांग्रेस के सामने बड़ी चुनौती होगी.

बीजेपी ने जारी की छठी लिस्ट

लोकसभा चुनाव को लेकर बीजेपी लगातार उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर रही है. इसी कड़ी में भाजपा ने प्रत्याशियों की छठी लिस्ट जारी कर दी है. इस लिस्ट में दो राजस्थान और मणिपुर के एक उम्मीदवार का घोषित किया गया है. राजस्थान के दौसा से कन्हैया लाल मीणा और करौली-धौलपुर सीट से इंदु देवी जाटव को उम्मीदवार बनाया गया है. वहीं मणिपुर के इनर क्षेत्र से थौनाओजम बसंत कुमार सिंह को टिकट दिया गया है. बीजेपी ने इनर मणिपुर से सभी 3 मौजूदा सांसदों का टिकट काट दिया है.

बीजेपी उतार चुकी है 405 उम्मीदवार

आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी धीरे-धीरे उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर रही है. पार्टी की तरफ से अब तक कुल 6 लिस्ट जारी की जा चुकी हैं. इनमें अभी तक 405 उम्मीदवार घोषित किए गए हैं. चौंकाने वाली बात यह है कि पार्टी ने जो लिस्ट जारी की हैं, उनमें मौजूदा 291 सांसदों में से 101 सांसदों के टिकट काट दिए गए हैं. बीजेपी ने पहली लिस्ट में 33, दूसरी में लिस्ट 30, पांचवी लिस्ट में 37 और छठी लिस्ट में 1 मौजूदा सांसदों के टिकट काटे गए हैं. इनमें कई राज्य मंत्री भी शामिल हैं.

बागी विधायकों को दिया टिकट

भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को गुजरात, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और कर्नाटक में होने वाले विधानसभा उपचुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी. बीजेपी ने हिमाचल प्रदेश के उन सभी 6 अयोग्य विधायकों को उपचुनाव के लिए टिकट दिया है, जो कांग्रेस छोड़कर कुछ दिन पहले पार्टी में शामिल हुए थे. अयोग्य ठहराए गए विधायक सुधीर शर्मा, रवि ठाकुर, राजिंदर राणा, इंदर दत्त लखनपाल, चैतन्य शर्मा और देविंदर कुमार भुट्टो 23 मार्च को केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर, हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर,भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह और राज्य इकाई के अध्यक्ष राजीव बिंदल की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए थे.

बसपा ने जारी की 5 उम्मीदवारों की लिस्ट

बहुजन समाज पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए एक और लिस्ट जारी कर दी है. बसपा ने इस लिस्ट में उत्तराखंड की पांच लोकसभा पर अपनी पार्टी के प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है. बीएसपी ने इस लिस्ट में उत्तराखंड की सभी पांचों लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है. बीएसपी ने टिहरी गढ़वाल से नीम चंद्र छुरियाल, पौड़ी गढ़वाल से धीर सिंह बिष्ट, अल्मोड़ा (अजा) से नरायण राम, नैनीताल उधमसिंह नगर, अख्तर अली माहीगिर, हरिद्वार से जमील अहमद को चुनावी मैदान में उतारा है.

अखिलेश का बीजेपी पर हमला

लोकसभा चुनाव से पहले यूपी में सियासत तेज हो गई है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) लगातार भाजपा सरकार पर हमला बोल रहे हैं. एक ताजा बयान में तो उन्होंने युवाओं से ये तक कह दिया है कि अगर भाजपा की सरकार बनी तो शादी भी नहीं होगी और नौकरी के लिए बूढ़े हो जाओगे. इटावा में अपने पैतृक गांव सैफई में होली मिलन समारोह में पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, ‘‘होली का त्योहार हमें खुशियां मनाने, एक-दूसरे को गले लगाने का मौका दे रहा है. आपको और मुझे संकल्प लेना चाहिए कि हम अन्याय के खिलाफ लड़ते रहेंगे.”

केंद्रीय मंत्री ने दाखिल किया नामांकन

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को असम के डिब्रूगढ़ संसदीय क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल कर दिया है. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के साथ सोनोवाल ने रिटर्निंग ऑफिसर बिक्रम कैरी के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. बता दें कि डिब्रूगढ़ सीट पर आम चुनाव के पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा. असम में 14 लोकसभा सीटें हैं.

आप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

आम आदमी पार्टी (AAP) सुप्रीमो और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में दिल्‍ली में कई स्‍थानों पर प्रदर्शन हो रहे हैं. आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सुबह से ही दिल्‍ली में अलग-अलग इलाकों में दिल्‍ली पुलिस और केंद्र सरकार के विरुद्ध जुटना शुरू कर दिया. AAP के नेताओं की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास का घेराव करने के आह्वान किया गया, जिसके बाद पुलिस ने 7, लोक कल्याण मार्ग (प्रधानमंत्री का आधिकारिक आवास) की सुरक्षा कड़ी कर दी.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital