VD Satheesan oath: सोमवार सुबह तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में कांग्रेस नेतृत्व वाली यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) सरकार ने शपथ ली. राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की मौजूदगी में वीडी सतीशन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य के 13वें सीएम बने. उनके साथ 20 अन्य विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली.
कैबिनेट का ऐलान
शपथ ग्रहण से पहले ही सतीशन ने अपनी नई कैबिनेट की घोषणा कर दी थी. इस 21 सदस्यीय टीम में 14 नए चेहरे शामिल हैं, जिनमें दो महिलाएं और अनुसूचित जाति समुदाय से दो नेता भी हैं. कांग्रेस के अलावा पांच सहयोगी दलों के नेताओं को भी मंत्री पद दिया गया है.
कांग्रेस को सबसे ज्यादा मंत्रालय
नई कैबिनेट में कांग्रेस के 11 नेता मंत्री बने हैं. इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और चीफ व्हिप जैसे अहम पद भी गठबंधन के भीतर बांटे गए हैं. IUML और केरल कांग्रेस (जोसेफ) के नेताओं को भी मंत्री पद दिया गया है.
धार्मिक और सामाजिक संतुलन
सतीशन ने अपनी कैबिनेट में क्षेत्रीय, जातीय और धार्मिक संतुलन का खास ध्यान रखा है. 21 सदस्यीय कैबिनेट में 7 मुस्लिम, 7 ईसाई और 7 हिंदू नेताओं को जगह दी गई है. मुस्लिम समुदाय से एक महिला नेता को उपाध्यक्ष बनाया गया है. ईसाई समाज से 7 मंत्री बने हैं, जिनमें रोमन कैथोलिक, लैटिन कैथोलिक, जौकोबिट और मार थोमा बिरादरी के नेता शामिल हैं. हिंदू समाज से 7 नेताओं को जगह मिली है, जिनमें नैयर और एझवा समुदाय के प्रतिनिधि भी हैं.
अनुसूचित जाति को मिला प्रतिनिधित्व
लंबे समय बाद अनुसूचित जाति समुदाय से दो नेताओं को मंत्री पद दिया गया है. पिछली एलडीएफ सरकार में एससी समुदाय से कोई मंत्री नहीं था.
वरिष्ठ नेताओं को अहम जिम्मेदारी
कांग्रेस की ओर से रमेश चेन्निथला, के. मुरलीधरन, सन्नी जोसेफ और ए. पी. अनिल कुमार समेत कई वरिष्ठ नेताओं को मंत्री बनाया गया है. IUML से पी. के. कुन्हालीकुट्टी, पी. के. बशीर, एन. शम्सुद्दीन, के. जी. शाजी और पी. के. शमशुद्दीन को कैबिनेट में जगह मिली है. IUML नेता परक्कल अब्दुल्ला को ढाई साल बाद मंत्री पद देने का वादा किया गया है.
अन्य सहयोगी दलों का प्रतिनिधित्व
केरल कांग्रेस (जोसेफ) से मॉन्स जोसेफ, RSP से शिबू बेबी जॉन, केरल कांग्रेस (जैकब) से अनूप जैकब और CMP से सी. पी. जोहान भी मंत्री बने हैं. कांग्रेस विधायक थिरुवनचूर राधाकृष्णन को विधानसभा अध्यक्ष और शानिमोल उस्मान को उपाध्यक्ष बनाया गया है.
ये भी पढ़ें-केरल में सत्ता की नई शुरुआत: वीडी सतीशन बने मुख्यमंत्री, 20 मंत्रियों ने ली शपथ
उत्तरी जिलों से प्रतिनिधित्व
नई कैबिनेट में छह उत्तरी जिलों से आठ नेताओं को मंत्री पद मिला है. हालांकि कोझिकोड और कासरगोड से कोई प्रतिनिधित्व नहीं है. सरकार ने घोषणा की है कि ढाई साल बाद कोझिकोड के परक्कल अब्दुल्ला को कैबिनेट में शामिल किया जाएगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

