West Bengal Election Result: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है और दोपहर 12 बजे तक चुनाव आयोग (ECI) द्वारा जारी किए गए आधिकारिक रुझानों ने मुर्शिदाबाद जिले में एक बड़े सियासी उलटफेर की तस्वीर साफ कर दी है. पारंपरिक रूप से टीएमसी (TMC) का अभेद्य किला माने जाने वाले अल्पसंख्यक बहुल मुर्शिदाबाद में इस बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना जबर्दस्त दबदबा कायम किया है. वहीं, टीएमसी से अलग होकर अपनी नई पार्टी बनाने वाले दिग्गज नेता हुमायु कबीर (Humayun Kabir) को जनता का भरपूर प्यार मिल रहा है.
एग्जिट पोल्स ने पहले ही यह अनुमान लगाया था कि बंगाल के इस ‘डेमोग्राफिक भूकंप’ और एंटी-इन्कंबेंसी का सबसे बड़ा खामियाजा टीएमसी को उठाना पड़ सकता है, और दोपहर 12 बजे के आंकड़े उसी दिशा में मुहर लगाते दिख रहे हैं.
मुर्शिदाबाद (Murshidabad) में BJP की बंपर बढ़त
मुर्शिदाबाद विधानसभा सीट पर टीएमसी का किला पूरी तरह से दरकता नजर आ रहा है. यहां भाजपा ने एकतरफा बढ़त बना ली है. गौरी शंकर घोष (BJP) यहां 35,732 वोट प्राप्त कर चुके हैं और 22,183 वोटों के भारी अंतर से आगे चल रहे हैं. वहीं शाओनी सिंघा रॉय (TMC) 13,549 वोटों के साथ काफी पीछे छूट गई हैं. जबकि, मीर हसनात अली (AJUP) यानी हुमायु कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी के उम्मीदवार को यहां केवल 228 वोट मिले हैं.
रेजीनगर (Rejinagar) में हुमायु कबीर का जलवा
रेजीनगर में हुमायु कबीर की ‘आम जनता उन्नयन पार्टी’ (Aam Janata Unnayan party) ने टीएमसी और बीजेपी दोनों के समीकरण बिगाड़ दिए हैं. खुद चुनावी मैदान में उतरकर हुमायु कबीर 22,187 वोट हासिल कर चुके हैं और 6,325 वोटों की मजबूत बढ़त बनाए हुए हैं. वहीं बापन घोष (BJP) 15,862 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर कड़ा मुकाबला दे रहे हैं. जबकि, अतउर रहमान (TMC) 9,530 वोटों के साथ सत्ताधारी टीएमसी यहाँ तीसरे नंबर पर खिसक गई है.
नौदा (Nowda) में कबीर बनाम बीजेपी
नौदा विधानसभा क्षेत्र में भी हुमायु कबीर का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है. हुमायु कबीर (AJUP) को यहां भी उन्हें 22,187 वोट मिले हैं और वे 4,234 वोटों से आगे चल रहे हैं. उनके सामने राणा मंडल (BJP) को 21,186 वोटों मिले हैं उनके कबीर से कांटे की टक्कर चल रही है. जबकु, साहिना मुमताज खान (TMC) को 13,775 वोट मिले हैं.
हुमायु कबीर का मास्टरस्ट्रोक (west bengal election results 2026)
मुर्शिदाबाद जिले के इन रुझानों ने एग्जिट पोल्स की उन भविष्यवाणियों को सच साबित कर दिया है, जिनमें कहा गया था कि ‘वोट कटवा’ या बागी नेता टीएमसी के अल्पसंख्यक और स्थानीय वोट बैंक में बड़ी सेंध लगाएंगे. हुमायु कबीर की ‘आम जनता उन्नयन पार्टी’ का यह प्रदर्शन उसी का नतीजा है.
बाबरी से हुआ बीजेपी को फायदा (west bengal assembly election results)
चुनावी गलियारों और स्थानीय सियासत में इस बात की सबसे ज्यादा चर्चा है कि हुमायु कबीर मुर्शिदाबाद में एक भव्य ‘बाबरी मस्जिद’ का निर्माण करा रहे हैं. उनकी इस पहल ने उन्हें इलाके के मुस्लिम वोटरों के बीच खासी लोकप्रियता दिला दी है. एक तरफ जहां टीएमसी 91 लाख वोटरों के कटने वाले मुद्दे (जिसमें बड़ी संख्या मुर्शिदाबाद की है) पर घिरी हुई है, वहीं हुमायु कबीर ने स्थानीय भावनाओं और धार्मिक पहचान के इस बड़े कदम (मस्जिद निर्माण) के जरिए अल्पसंख्यक वोटों को अपने पक्ष में सफलतापूर्वक गोलबंद कर लिया है.
ये भी पढ़ें: बंगाल चुनाव रिजल्ट: बंगाल में रचा इतिहास, रुझानों में बनी BJP की सरकार; देखें आंकड़े और पढ़ें हर अपडेट
नतीजतन, मुर्शिदाबाद जिले में टीएमसी का वोट बैंक बुरी तरह बिखर गया है. इसका सीधा फायदा एक तरफ बीजेपी को मिल रहा है (मुर्शिदाबाद सीट पर गौरी शंकर घोष की 22 हजार से ज्यादा की लीड), तो दूसरी तरफ रेजीनगर और नौदा में हुमायु कबीर जनता का प्यार बटोर कर किंगमेकर की भूमिका में उभर रहे हैं. 4 मई की दोपहर तक के ये आंकड़े स्पष्ट बता रहे हैं कि बंगाल चुनाव में दीदी की राह अब बेहद मुश्किल हो चुकी है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
