370 Biryani controversy: स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे इन दिनों एक बड़े विवाद के चलते चर्चा में हैं. गुरुग्राम में हुए उनके एक लाइव शो का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. अब इस पूरे विवाद में नया मोड़ तब आया है, जब महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने प्रणित मोरे के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है.
क्या है पूरा मामला?
विवाद की शुरुआत प्रणित मोरे के एक कॉमेडी शो से हुई, जहां दर्शकों में मौजूद 23 वर्षीय हिमांशु जांगरा ने मंच पर आकर अपना एक डेटिंग अनुभव साझा किया. बातचीत के दौरान उसने महिलाओं को लेकर कई ऐसी टिप्पणियां कीं, जिन्हें सोशल मीडिया यूजर्स ने आपत्तिजनक और असंवेदनशील बताया.
वायरल वीडियो में देखा गया कि हिमांशु अपनी कहानी सुनाता रहा और प्रणित मोरे उस पर हंसते हुए उससे और जानकारी लेते रहे. वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सिर्फ हिमांशु ही नहीं, बल्कि प्रणित मोरे को भी निशाने पर लेना शुरू कर दिया. सोशल मीडिया पर दोनों के खिलाफ तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं.
माफी के बाद भी नहीं थमा विवाद
बढ़ते विरोध और आलोचनाओं के बीच प्रणित मोरे ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी. इसके साथ ही उन्होंने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी डिएक्टिवेट कर दिया. हालांकि, माफी के बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ. टीवी कलाकारों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कई अन्य लोगों ने इस मामले पर नाराजगी जताई. कुछ लोगों ने तो प्रणित मोरे के शो बंद किए जाने की मांग तक कर डाली. इसी बीच महाराष्ट्र साइबर पुलिस की कार्रवाई ने मामले को और गंभीर बना दिया है.
हिमांशु जांगरा पर भी हुई कार्रवाई
विवाद का असर हिमांशु जांगरा के पेशेवर जीवन पर भी पड़ा. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद उनकी कंपनी ने एक बयान जारी कर बताया कि उन्हें नौकरी से हटा दिया गया है. इसके अलावा इंटरनेट पर हिमांशु को भी भारी आलोचना और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है. कई यूजर्स ने उनके बयान को अनुचित बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है.
ये भी पढ़ें- दिल्ली में सनसनी: गुरु रंधावा के जिम के बाहर फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से वायरल हुआ दावा
एक और वीडियो बना चर्चा का विषय
इसी विवाद के बीच प्रणित मोरे के एक अन्य शो का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है. इस वीडियो में सेजल पवार नाम की एक डॉक्टर दिखाई दे रही हैं. बातचीत के दौरान उन्होंने मेडिकल रिसर्च के लिए दान किए गए शवों को लेकर ऐसी टिप्पणी की, जिसे लोगों ने असंवेदनशील माना.
वीडियो वायरल होते ही सेजल पवार को भी सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा. बढ़ते विवाद को देखते हुए उन्होंने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी. अपने बयान में उन्होंने कहा कि उनकी बातों से यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें इसका खेद है और वह भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं दोहराएंगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


