बिग बॉस में आएंगी मनोज तिवारी की बेटी
Bigg Boss 20: टीवी का सबसे विवादित और चर्चित रिएलिटी शो ‘बिग बॉस’ एक बार फिर से दर्शकों का मनोरंजन करने आ रहा है. शो के 20वें सीजन को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है और हमेशा की तरह इस बार भी सलमान खान ही इसे होस्ट करेंगे.
जैसे-जैसे प्रीमियर की तारीख नजदीक आ रही है वैसे-वैसे शो में आने वाले कंटेस्टेंट्स के नाम पर सोशल मीडिया पर कयासों का बाजार गर्म हो गया है. इसी बीच एक बहुत दिलचस्प खबर सामने आ रही है कि जाने-माने गायक और राजनेता मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी इस बार बिग बॉस के घर में धमाल मचाती नजर आ सकती हैं.
कौन हैं रीति तिवारी?
मीडिया रिपोर्ट्स और खबरों की मानें तो रीति तिवारी को बिग बॉस 20 के लिए कंफर्म मान लिया गया है. रीति पेशे से एक सिंगर, सॉन्गराइटर और कंपोजर हैं. वह कई ओरिजिनल गाने और कवर सॉन्ग्स रिलीज कर चुकी हैं. संगीत के अलावा उन्होंने राजनीति में भी हाथ आजमाया है और साल 2024 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ज्वॉइन की थी.
मुंबई में अपनी मां के साथ रहने वाली रीति ने अपनी स्कूली शिक्षा यहीं के मशहूर जमनाबाई नरसी स्कूल से पूरी की है. इसके अलावा, वह अपने चाचा अरुण पांडे की मार्केटिंग कंपनी ‘रीति ग्रुप’ से भी जुड़ी हुई हैं. हालांकि मेकर्स की तरफ से अभी तक उनके नाम पर ऑफिशियल मुहर नहीं लगाई गई है लेकिन अंदर की खबरों के मुताबिक उनका नाम फाइनल माना जा रहा है.
कब शुरू हो रहा है शो?
इस बार का सीजन कई मायनों में बेहद खास होने वाला है. ‘बिग बॉस 20’ आगामी 6 सितंबर को धमाकेदार अंदाज में टीवी पर दस्तक देने जा रहा है. इस बार शो की थीम “एक वरदान” और “तथास्तु” रखी गई है, जिसे लेकर फैंस के मन में काफी उत्सुकता बनी हुई है कि इस बार मेकर्स कौन सा नया और दिलचस्प खेल खेलने वाले हैं.
सबसे बड़ा सरप्राइज यह है कि इस सीजन को एक साथ हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में टेलीकास्ट किया जाएगा जो भारतीय टेलीविजन के इतिहास में एक बहुत बड़ा मल्टी-लैंग्वेज लॉन्च होने जा रहा है.
ये भी पढ़ें- जैकी श्रॉफ ने लिखी ‘आखिरी वसीयत’, लेकिन टाइगर-कृष्णा नहीं… इस खास परिवार के नाम की अपनी जायदाद
कंटेस्टेंट्स की लंबी फेरिस्ट
रीति तिवारी के अलावा सोशल मीडिया पर कई अन्य पॉपुलर सेलेब्स के नाम भी चर्चा में हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार इस सीजन में करण वाही, काजी तौकीर खान, माही विज, सोशल मीडिया पर छाए रहने वाले कुशल तंवर यानी ‘गुल्लू’, बॉक्सर मैरी कॉम, आम्रपाली दुबे, खुशी दुबे, गीता बसरा, शौविक चक्रवर्ती, अमन गांधी और अरशिफा खान जैसे सितारे नजर आ सकते हैं. हालांकि असली लिस्ट में किसका नाम शामिल है और कौन घर के अंदर कदम रखेगा, इसका खुलासा तो शो के ऑन-एयर होने के बाद ही पूरी तरह से हो पाएगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


