Dhurandhar The Revenge: भारतीय सिनेमा के दीवानों के लिए इस वक्त सोशल मीडिया पर सिर्फ एक ही नाम गूंज रहा है- ‘धुरंधर: द रिवेंज’. रणवीर सिंह की इस फिल्म का ट्रेलर क्या आया, मानो फैंस के बीच खलबली मच गई है. फिल्म को लेकर जैसा क्रेज दिख रहा है, उसे देखकर ट्रेड पंडितों ने अभी से भविष्यवाणी कर दी है कि यह फिल्म अपने ही पहले पार्ट ‘धुरंधर’ के गाड़े झंडों को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार है.
रिलीज से पहले ही ‘हाउसफुल’ का बोर्ड
वैसे तो फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक देगी, लेकिन मेकर्स ने 18 मार्च को ‘पेड प्रीव्यू’ (Paid Preview) का जो दांव खेला है, उसने सबको हैरान कर दिया है. फिल्म देखने की होड़ ऐसी है कि टिकटों के दाम 400 रुपये से शुरू होकर वीआईपी सेक्शन्स में 2400 रुपये तक पहुंच गए हैं. दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो लगभग सभी थिएटर्स के प्राइम और एग्जीक्यूटिव सेक्शन अभी से ‘सोल्ड आउट’ दिखा रहे हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो केवल प्रीमियर शो के लिए ही 8 लाख रुपये से ज्यादा की एडवांस बुकिंग हो चुकी है. खास बात यह है कि यह क्रेज सिर्फ हिंदी तक सीमित नहीं है; कन्नड़, मलयालम, तेलुगु और तमिल वर्जन में भी जबरदस्त बुकिंग देखी जा रही है.
चेन्नई एक्सप्रेस को पछाड़ने की तैयारी
आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह फिल्म पेड प्रीव्यू के मामले में इतिहास रचने की दहलीज पर खड़ी है. बताया जा रहा है कि इसने शाहरुख खान की फिल्म ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ को भी कड़ी टक्कर दे दी है, जिसने अपने समय में प्रीमियर के दौरान 6.75 करोड़ रुपये बटोरकर सबको चौंकाया था. देश भर के करीब 65,000 शोज में से 12 लाख से ज्यादा टिकटें पहले ही बिक चुकी हैं. महाराष्ट्र और दिल्ली तो जैसे रणवीर सिंह के रंग में पूरी तरह रंगे नजर आ रहे हैं.
1000 करोड़ का ‘जादुई’ आंकड़ा
अगर आपको याद हो, तो फिल्म ‘धुरंधर’ के पहले पार्ट ने बॉक्स ऑफिस पर तबाही मचा दी थी. उस फिल्म ने पहले ही दिन 27 करोड़ की बंपर ओपनिंग की थी और देखते ही देखते भारत में 1000 करोड़ का ग्रास कलेक्शन पार कर लिया था. ग्लोबल लेवल पर तो फिल्म ने 1300 करोड़ की कमाई का पहाड़ खड़ा किया था. अब जिस रफ्तार से ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की टिकटें बुक हो रही हैं, उससे साफ लग रहा है कि फिल्म रिलीज के 8 दिन पहले ही 5 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर चुकी है.
सिनेमा के जानकारों का मानना है कि अगर फिल्म को जनता का वैसा ही प्यार मिला जैसा पहले पार्ट को मिला था, तो ये नए रिकॉर्ड्स सेट करने में ज्यादा वक्त नहीं लगाएगी.
ये भी पढ़ें: इम्तियाज अली की ‘हीर रांझा’ में दिखेंगी सारा अर्जुन? मुकेश छाबड़ा ने फिल्म साइन करने की खबरों पर तोड़ी चुप्पी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
