मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को दी चेतावनी
पाकिस्तान की चर्चित वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की भारत में रिलीज को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. नेटफ्लिक्स पर इस सीरीज की स्ट्रीमिंग की चर्चा के बीच सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने कंपनी को अपनी पुरानी एडवाइजरी का पालन करने की याद दिलाई है. मंत्रालय ने स्पष्ट संकेत दिया है कि पाकिस्तान में निर्मित कंटेंट को भारत में उपलब्ध न कराने संबंधी निर्देश अभी भी प्रभावी हैं और उनका पालन किया जाना चाहिए.
शिकायतों के बाद मंत्रालय हुआ सक्रिय
सूत्रों के मुताबिक हाल के दिनों में मंत्रालय के पास इस वेब सीरीज को लेकर कई शिकायतें और अनुरोध पहुंचे थे. शिकायतकर्ताओं ने नेटफ्लिक्स पर पाकिस्तानी कंटेंट की संभावित उपलब्धता को लेकर चिंता जताई. इन आपत्तियों के बाद मंत्रालय ने मामले का संज्ञान लिया और नेटफ्लिक्स से संपर्क कर पहले जारी किए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा.
पुराना रुख बरकरार रखने की सलाह
मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को बताया कि वह 8 मई 2025 की एडवाइजरी के अनुसार ही आगे बढ़े. सरकार का कहना है कि पाकिस्तान में निर्मित वेब सीरीज, फिल्में और अन्य डिजिटल कंटेंट भारतीय दर्शकों के लिए उपलब्ध नहीं कराए जाने चाहिए. इसी संदर्भ में कंपनी को अपने पहले से घोषित रुख पर कायम रहने की सलाह दी गई है.
जून 2025 में नेटफ्लिक्स ने दी थी जानकारी
सरकारी सूत्रों के अनुसार जून 2025 में नेटफ्लिक्स ने मंत्रालय को सूचित किया था कि उसके भारतीय सब्सक्राइबर्स के लिए किसी भी पाकिस्तानी फिल्म या वेब सीरीज को उपलब्ध नहीं कराया गया है. अब मंत्रालय चाहता है कि कंपनी इसी नीति को आगे भी जारी रखे और किसी तरह की ढील न दे.
पहलगाम हमले के बाद जारी हुई थी एडवाइजरी
सरकार ने 8 मई 2025 को पहलगाम आतंकी हमले के बाद एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की थी. यह निर्देश ओटीटी प्लेटफॉर्म, मीडिया स्ट्रीमिंग सेवाओं और इंटरनेट आधारित कंटेंट प्रदाताओं के लिए था. इसमें पाकिस्तान में तैयार किए गए वेब शो, फिल्में, गाने, पॉडकास्ट और दूसरे स्ट्रीमिंग कंटेंट को भारत में बंद करने के लिए कहा गया था. यह आदेश पेड और फ्री, दोनों प्रकार के कंटेंट पर लागू किया गया था.
फिल्म संगठनों ने भी जताई नाराजगी
इस मामले में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े संगठनों ने भी कड़ा रुख अपनाया है. ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने सीरीज की भारतीय रिलीज रोकने की मांग की थी. संगठन के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस शो की स्ट्रीमिंग पर रोक लगाने का अनुरोध किया था. उन्होंने अपने पत्र में पुलवामा, पहलगाम और 2008 के मुंबई आतंकवादी हमलों का उल्लेख भी किया था.
एफडब्ल्यूआईसीई ने भी उठाए सवाल
फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) ने भी सरकार के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई है. संगठन ने संबंधित विभागों से इस प्रस्तावित रिलीज की समीक्षा करने और पहले जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है.
क्या है ‘जो बचे हैं संग समेट लो’?
‘जो बचे हैं संग समेट लो’ पाकिस्तान की पहली नेटफ्लिक्स ओरिजिनल सीरीज मानी जा रही है. इसका निर्देशन और निर्माण मोमिना दुरैद ने किया है, जबकि इसकी कहानी प्रसिद्ध पाकिस्तानी लेखिका फरहत इश्तियाक के इसी नाम के वर्ष 2013 में प्रकाशित चर्चित उपन्यास पर आधारित है. कलाकारों की लंबी सूची में फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर, सनम सईद, अहद रजा मीर, इकरा अजीज, हमजा अली अब्बासी, माया अली, बिलाल अशरफ और अहमद अली अकबर शामिल हैं.
ये भी पढ़ें-20 लीटर दूध और गुलाब की पंखुड़ियों से नहाकर शूटिंग करते हैं रवि किशन? अभिनेता ने सुनाया मजेदार किस्सा
191 देशों में रिलीज की तैयारी
नेटफ्लिक्स ने इस सीरीज की रिलीज डेट 4 दिसंबर तय की है. कंपनी इसे दुनिया के 191 देशों में कई भाषाओं में डब करके रिलीज करने की तैयारी कर रही है. हालांकि भारत में यह सीरीज दर्शकों को देखने को मिलेगी या नहीं, इस पर अभी अंतिम स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.







