Captain India: अक्सर बॉलीवुड में कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जिनकी अनाउंसमेंट तो बड़े जोर-शोर से हो जाती है, लेकिन फिर वक्त के साथ वो कहीं गुम सी हो जाती हैं. कार्तिक आर्यन की बहुचर्चित फिल्म ‘कैप्टन इंडिया’ के साथ भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला था. करीब पांच साल पहले जब इस फिल्म का ऐलान हुआ था, तो फैंस काफी एक्साइटेड थे. बीच में तो ऐसा लगने लगा था कि यह प्रोजेक्ट शायद डिब्बाबंद हो चुका है. लेकिन अब जो ताजा खबर सामने आई है, उसने एक बार फिर इस मूवी को चर्चा के सेंटर में ला दिया है.
कौन है वो एक्ट्रेस जो फिल्म में आएगी नजर?
बॉलीवुड गलियारों से आ रही लेटेस्ट रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फिल्म में कार्तिक आर्यन के साथ साउथ सिनेमा की जानी-मानी और शानदार अभिनेत्री पार्वती थिरुवोथु नजर आने वाली हैं. ‘बॉलीवुड हंगामा’ की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पार्वती ने इस फिल्म के लिए मेकर्स के साथ हाथ मिला लिया है. हालांकि, उनके किरदार को लेकर अभी मेकर्स ने ज्यादा पत्ते नहीं खोले हैं, लेकिन इतना तय है कि उनकी मौजूदगी से फिल्म का वजन काफी बढ़ जाएगा.
आपको बता दें कि पार्वती मुख्य रूप से मलयालम और तमिल सिनेमा में अपनी दमदार एक्टिंग के लिए पहचानी जाती हैं. उन्होंने साल 2017 में इरफान खान के साथ फिल्म ‘करीब करीब सिंगल’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था. अब लगभग 9 साल के लंबे इंतजार के बाद वह एक बार फिर हिंदी सिनेमा में वापसी करने जा रही हैं.
बदलाव के साथ पटरी पर लौटी फिल्म
जब साल 2021 में ‘कैप्टन इंडिया’ की घोषणा हुई थी, तब इसे लेकर काफी बज बना था, लेकिन बाद में निर्देशक हंसल मेहता इस प्रोजेक्ट से अलग हो गए थे, जिससे फिल्म अटक गई थी. अब साल 2026 में यह फिल्म एक बार फिर से ट्रैक पर लौट आई है.
इस बार फिल्म की कमान एक बेहद मंझे हुए डायरेक्टर के हाथों में है. जी हां, शाहरुख खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘चक दे! इंडिया’ का निर्देशन करने वाले शिमित अमीन इस फिल्म के जरिए निर्देशन की दुनिया में वापसी कर रहे हैं. दिलचस्प बात यह है कि साल 2009 में आई फिल्म ‘रॉकेट सिंह: सेल्समैन ऑफ द ईयर’ के करीब 17 साल बाद शिमित दोबारा डायरेक्टर की कुर्सी संभाल रहे हैं.
ये भी पढ़ें- कौन थीं विक्रम भट्ट की ‘घोस्ट’ फेम अनन्या राज? 27 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
पैन इंडिया कल्चर का असर
आजकल जिस तरह से हिंदी और साउथ सिनेमा के कलाकार एक-दूसरे की इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं, उसने फिल्मों के दायरे को बहुत बड़ा कर दिया है. कार्तिक आर्यन और पार्वती थिरुवोथु की यह जोड़ी इस बात का ताजा उदाहरण है कि मेकर्स अब कहानी और टैलेंट को सबसे ऊपर रख रहे हैं. अब देखना यह दिलचस्प होगा कि शिमित अमीन के निर्देशन में कार्तिक और पार्वती की यह जोड़ी पर्दे पर क्या कमाल दिखाती है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


