कुकू कोहली का निधन
Kuku Kohli Passes Away: हिंदी सिनेमा ने पर्दे के पीछे रहकर बड़े-बड़े सितारों की किस्मत चमकाने वाले एक दिग्गज फिल्ममेकर को खो दिया है. ‘फूल और कांटे’ जैसी सुपरहिट फिल्म से अजय देवगन को रातोंरात स्टार बनाने वाले मशहूर निर्देशक कुकू कोहली का निधन हो गया है. उन्होंने 77 साल की उम्र में मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली. अचानक आए दिल के दौरे ने उनकी हंसती-खेलती जिंदगी को अचानक थाम दिया, जिससे पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है. आइए जानते हैं कि उन्होंने अपने शानदार करियर में कौन-कौन सी बड़ी फिल्में बनाईं और उनका सफर कैसा रहा.
राज कपूर के साथ शुरू किया सफर
पेशावर में जन्मे अवतार यानी कुकू कोहली का फिल्मी सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं था. उन्होंने फिल्मों की बारीकियां किसी महंगे फिल्म स्कूल में नहीं सीखी थीं, बल्कि लीजेंडरी राज कपूर के साथ लंबे समय तक काम करके सिनेमा के गुर सीखे थे. इसके बाद वह सनी देओल और अमृता सिंह की ब्लॉकबस्टर लॉन्चिंग फिल्म ‘बेताब’ में बतौर सेकेंड यूनिट डायरेक्टर जुड़े. ‘अर्जुन’ जैसी फिल्मों की सफलता के बाद उन्होंने साल 1991 में निर्देशन की कमान संभाली और हिंदी सिनेमा को एक ऐसा सितारा दिया, जिसने आज इंडस्ट्री पर राज किया हुआ है.
अजय देवगन को दिया था आइकॉनिक एंट्री सीन
बात साल 1991 की है, जब कुकू कोहली ने फिल्म ‘फूल और कांटे’ बनाई. इसी फिल्म से अजय देवगन ने दो चलती बाइकों पर पैर रखकर बॉलीवुड में धमाकेदार एंट्री की थी. यह सीन आज भी सिनेमा इतिहास के सबसे आइकॉनिक दृश्यों में गिना जाता है. फिल्म डायमंड जुबली साबित हुई और अजय देवगन रातोंरात सुपरस्टार बन गए. इसके बाद कुकू कोहली ने ‘सुहाग’, ‘हकीकत’, ‘ये दिल आशिकाना’, ‘जुल्मी’ और गोविंदा के साथ ‘अनाड़ी नंबर 1’ जैसी कई यादगार फिल्में दीं. उनकी फिल्मों का संगीत और एक्शन 90 के दशक के दर्शकों के दिलों में आज भी बसा हुआ है.
ये भी पढ़ें- बुरे फंसे सलमान खान, धोखाधड़ी की शिकायत पर नोटिस, कोर्ट में होना होगा पेश
अचानक हुआ निधन
कुकू कोहली ने अपने दौर की मशहूर अभिनेत्री अरुणा ईरानी से शादी की थी. वह अपनी पर्सनल लाइफ को हमेशा लाइमलाइट से दूर रखते थे. हाल ही में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां डॉक्टरों ने दिल में ब्लॉकेज मिलने के बाद उनके स्टेंट भी डाला था. परिवार के मुताबिक वह बिल्कुल ठीक होकर घर पर अपनों से बात कर रहे थे तभी अचानक उन्हें दोबारा बड़ा हार्ट अटैक आया और वह दुनिया को अलविदा कह गए.
भले ही कुकू कोहली आज हमारे बीच नहीं हैं लेकिन 90 के दशक का सिनेमा और ‘फूल और कांटे’ की वो बाइक वाली एंट्री जब भी याद आएगी उनका नाम हमेशा सम्मान के साथ लिया जाएगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

