Bharat Express DD Free Dish

सिर चढ़कर बोल रहा कालीन भैया और गुड्डू पंडित का जादू, ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने 5 दिनों में पार किया करोड़ों का आंकड़ा

‘मिर्जापुर द मूवी’ ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया है. फिल्म ने महज पांच दिनों में भारत में 125 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है.

Mirzapur The Movie Box Office Collection

पांच दिन में की कराड़ों की कमाई

Mirzapur Movie Box Office: पंकज त्रिपाठी, अली फज़ल और दिव्येंदु स्टारर ‘Mirzapur The Movie’ बॉक्स ऑफिस पर किसी तूफान की तरह छा गई है. फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज हुए अभी कुछ ही दिन हुए हैं, लेकिन इसने कमाई के मामले में सारे रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिए हैं. सिर्फ चार दिनों में भारत में सौ करोड़ का जादुई आंकड़ा पार करने के बाद, इस गैंगस्टर ड्रामा ने मंगलवार को भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत रखी. रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म का कुल घरेलू नेट कलेक्शन अब 125.60 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है, जबकि विदेशी बाजारों में भी यह फिल्म धुआंधार कमाई करते हुए 180 करोड़ के करीब पहुंच रही है.

मंगलवार को भी बॉक्स ऑफिस पर दबदबा

मंगलवार के दिन फिल्म ने शानदार प्रदर्शन करते हुए करीब 15.85 करोड़ रुपये का कारोबार किया. हालांकि सोमवार के 16.24 करोड़ के मुकाबले मंगलवार को कलेक्शन में मामूली सी गिरावट जरूर आई, लेकिन अच्छी बात यह है कि कमाई का आंकड़ा अभी भी डबल डिजिट में बना हुआ है. इससे पहले वीकेंड पर तो इस फिल्म ने गदर ही मचा दिया था. शनिवार को 32 करोड़ और रविवार को बंपर कमाई करते हुए 36 करोड़ रुपये अपने नाम किए थे.

पहले दिन ही उम्मीदों से बेहतर शुरुआत

जब शुक्रवार को फिल्म ने सिनेमाघरों में दस्तक दी थी, तो ट्रेड पंडितों ने इसके 18 से 20 करोड़ के बीच ओपनिंग करने का अनुमान लगाया था. लेकिन ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने इन सारे कयासों को धकेलते हुए पहले दिन ही 25.75 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन कर डाला. इसने रिलीज के मामले में कई हालिया फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया, जिसमें ‘सैयारा’ के 22 करोड़ और ‘आवारापन 2’ के 21.50 करोड़ के आंकड़े शामिल हैं. फिल्म की इस ताबड़तोड़ कमाई में सबसे बड़ा योगदान इसके ओरिजिनल हिंदी वर्जन का रहा है.

उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली में सबसे क्रेज

फिल्म की सफलता के पीछे उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली जैसे मार्केट्स का बहुत बड़ा हाथ है. मिर्जापुर की कहानी चूंकि इन इलाकों की माटी से जुड़ी है, इसलिए वहां के सिनेमाघरों में दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. हालांकि इसका टीजर आने के बाद से ही माहौल बनना शुरू हो गया था, लेकिन थिएटर्स में जिस तरह का रिस्पॉन्स मिल रहा है, उसने मेकर्स को भी खुश कर दिया है. वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो यह फिल्म अब तक 176.97 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है.

ये भी पढ़ें- Rajpal Yadav Cheque Bounce Case: राजपाल यादव ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में दी चुनौती, इस तारीख को अगली सुनवाई

पुरानी यादें और नए चेहरों का तड़का

फिल्म की कहानी दर्शकों को मिर्जापुर की उसी कानूनहीन और खूंखार दुनिया में वापस ले जाती है, जहां गद्दी के लिए खूनी खेल और धोखेबाजी का दौर चलता है. यह फिल्म सीरीज के पहले सीजन के इर्द-गिर्द घूमती है. स्क्रीन पर पंकज त्रिपाठी, अली फज़ल और दिव्येंदु की तिकड़ी एक बार फिर आग लगा रही है. इसके अलावा, विक्रांत मैसी की जगह इस बार बबलू पंडित के किरदार में जितेंद्र कुमार नजर आ रहे हैं, जबकि रवि किशन एक नए दमदार किरदार के साथ जुड़े हैं. रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, शीबा चड्ढा और अभिषेक बनर्जी जैसे पुराने कलाकार भी अपने पुराने अंदाज में नजर आ रहे हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read