Pawan Singh marriage prediction
Pawan Singh marriage prediction: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह (Pawan Singh) की निजी जिंदगी अक्सर सुर्खियों में रहती है. उनकी फिल्मों और गानों के अलावा फैंस उनकी शादीशुदा जिंदगी और रिश्तों को लेकर भी काफी दिलचस्पी दिखाते हैं. अब पवन सिंह की शादी को लेकर एक ऐसी बात सामने आई है, जिसने शो के दौरान मौजूद सभी लोगों को हंसने पर मजबूर कर दिया.
दरअसल, जियो हॉटस्टार और कलर्स टीवी के चर्चित शो ‘भोजपुरी बवाल’ (Bhojpuri Bawal) के आने वाले एपिसोड में राधे मां बतौर खास मेहमान नजर आने वाली हैं. शो की होस्ट भारती सिंह भोजपुरी सितारों पवन सिंह, काजल राघवानी और आम्रपाली दुबे के साथ राधे मां से मुलाकात कराती दिखाई देंगी. इसी दौरान बातचीत का रुख पवन सिंह की शादी की तरफ मुड़ जाता है और भारती सिंह उनसे जुड़े इस सवाल को राधे मां के सामने रख देती हैं.
राधे मां ने पवन सिंह को देखकर क्या कहा?
शो के सामने आए प्रोमो में पवन सिंह राधे मां के पैर छूते नजर आते हैं. इसके बाद भारती सिंह मजाकिया अंदाज में कहती हैं कि पवन भाई को एक अच्छा जीवनसाथी मिलना चाहिए, क्योंकि रिश्तों के मामले में उन्हें कई बार धोखा मिल चुका है.
भारती की बात सुनने के बाद राधे मां पवन सिंह को अपने पास बुलाती हैं और उनका चेहरा देखकर उनके भविष्य को लेकर बात करती हैं. राधे मां कहती हैं कि पवन सिंह का दिल साफ है और उन्हें 45 साल की उम्र में एक बहुत अच्छी और प्यार करने वाली पत्नी मिलेगी. राधे मां की यह बात सुनकर वहां मौजूद आम्रपाली दुबे भी अपनी उंगलियों पर साल गिनती नजर आती हैं. माहौल को और मजेदार बनाते हुए भारती सिंह तुरंत अपनी कॉमेडी का तड़का लगा देती हैं. वह मजाक में कहती हैं कि पांच साल बाद डांस होगा और फिर शराब की बोतल की तरफ इशारा करती हैं. भारती का यह अंदाज देखकर पवन सिंह समेत वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़ते हैं.
Pawan Singh’s life partner coming soon? 👀#BhojpuriBawaal streaming everyday on #JioHotstar at 9pm and on #ColorsTV at 10:30pm.#BhojpuriBawaalOnJioHotstar pic.twitter.com/68UJVY3Sec
— JioHotstar Reality (@HotstarReality) August 12, 2026
पवन सिंह की पर्सनल लाइफ क्यों रही है चर्चा में?
पवन सिंह की निजी जिंदगी लंबे समय से लोगों के बीच चर्चा का विषय रही है. भोजपुरी इंडस्ट्री में उनका बड़ा नाम है और उनकी प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ उनकी पर्सनल लाइफ पर भी फैंस की नजर रहती है.
पवन सिंह ने साल 2014 में नीलम सिंह से पहली शादी की थी. हालांकि, शादी के अगले ही साल यानी 2015 में नीलम सिंह का निधन हो गया. इसके बाद मार्च 2018 में पवन सिंह ने ज्योति सिंह के साथ दूसरी शादी की. लेकिन कुछ समय बाद दोनों के रिश्ते में खटास की खबरें सामने आने लगीं और अब मामला तलाक तक पहुंच गया.
ये भी पढ़ें: सलमान खान का पुराना अंदाज फिर छाया, वायरल वीडियो में ‘जीने के हैं चार दिन’ गाने पर थिरकते दिखे भाईजान
ऐसे में अब ‘भोजपुरी बवाल’ के मंच पर राधे मां की शादी को लेकर की गई भविष्यवाणी ने एक बार फिर पवन सिंह की निजी जिंदगी को चर्चा में ला दिया है. हालांकि, यह भविष्यवाणी शो के दौरान कही गई बात है और इसका भविष्य में क्या असर होता है, यह देखना दिलचस्प होगा. फिलहाल प्रोमो ने इतना जरूर साफ कर दिया है कि आने वाला एपिसोड पवन सिंह की शादी और उनकी निजी जिंदगी से जुड़े सवालों के चलते काफी एंटरटेनिंग रहने वाला है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


