Ranveer Singh FIR: बॉलीवुड के ‘एनर्जी किंग’ कहे जाने वाले रणवीर सिंह एक बार फिर बड़ी कानूनी मुश्किल में फंस गए हैं. मामला उनकी हालिया फिल्म ‘धुरंधर’ के प्रमोशन के दौरान का है, जो अब एक गंभीर विवाद का रूप ले चुका है. दरअसल, रणवीर पर तटीय कर्नाटक की बेहद पवित्र ‘दैव परंपरा’ का मजाक उड़ाने के आरोप में बेंगलुरु के हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है.
क्या है पूरा मामला?
विवाद की शुरुआत तब हुई जब रणवीर सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया. इस वीडियो में रणवीर फिल्म ‘कांतारा’ के ‘दैव’ के गेटअप और उनके हाव-भाव की नकल करते नजर आ रहे थे. हैरानी की बात यह थी कि वहां ‘कांतारा’ फेम ऋषभ शेट्टी खुद मौजूद थे. बताया जा रहा है कि ऋषभ ने उन्हें ऐसा करने से मना भी किया, लेकिन रणवीर अपनी मस्ती में नहीं रुके.
हालांकि, फिल्म ‘धुरंधर’ की रिलीज के बाद जब उनके ‘हमजा’ वाले किरदार की तारीफ हुई, तो मामला थोड़ा शांत पड़ता दिखा. रणवीर ने सार्वजनिक तौर पर माफी भी मांगी थी, लेकिन धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने का मुद्दा अब कानूनी मोड़ ले चुका है.
गंभीर धाराओं में केस दर्ज
एक रिपोर्ट के मुताबिक, बेंगलुरु के वकील प्रशांत मेथल ने यह शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने रणवीर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 196, 299 और 302 के तहत मामला दर्ज किया है. यह घटना पिछले साल 28 नवंबर को गोवा में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (IFFI) के समापन समारोह की बताई जा रही है.
ये भी पढ़ें- जाकिर खान का कॉमेडी से ब्रेक; क्या वाकई ‘सख्त लौंडा’ अब थक गया है? जानिए इसके पीछे की पूरी कहानी
‘दैव’ को ‘भूत’ कहने पर भड़के लोग
शिकायतकर्ता का आरोप है कि रणवीर ने न केवल पंजुर्ली और गुलिगा दैव के पवित्र भावों का भद्दा मजाक उड़ाया, बल्कि उन्होंने पूजनीय ‘चावुंडी दैव’ को ‘फीमेल घोस्ट’ कहकर संबोधित किया. कर्नाटक के तटीय इलाकों में चावुंडी दैव को दिव्य स्त्री शक्ति का प्रतीक माना जाता है और लोगों की उनमें अटूट श्रद्धा है. ऐसे में उन्हें ‘भूत’ कहना भक्तों को नागवार गुजरा है और इसे परंपरा का अपमान माना जा रहा है.
अब आगे क्या?
आपको बता दें कि शिकायत में कहा गया है कि रणवीर के इस व्यवहार से पूरी कम्युनिटी को मानसिक ठेस पहुंची है. यह मामला अब बेंगलुरु की प्रथम अतिरिक्त मुख्य महानगरीय मजिस्ट्रेट कोर्ट में पहुंच गया है, जहां 8 अप्रैल को इस पर अहम सुनवाई होनी है. अब देखना यह होगा कि इस कानूनी दांव-पेच से रणवीर खुद को कैसे बाहर निकालते हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




