Bharat Express DD Free Dish

रिहाना के घर फायरिंग वाले मामले में आया नया ट्विस्ट! आरोपी इवाना ऑर्टिज ने कोर्ट में खुद को बताया बेकसूर

Rihanna के घर फायरिंग मामले में आरोपी इवाना ऑर्टिज ने कोर्ट में सभी आरोपों से इनकार करते हुए खुद को निर्दोष बताया. प्रॉसिक्यूशन ने इसे सुनियोजित हमला बताया, कोर्ट ने जमानत घटाई लेकिन रिहाई से साफ इनकार कर दिया…

Singer Rihanna Home Firing Incident Row: सिंगर रिहाना के घर पर हुए हमले की घटना पर एक नया अपडेट निकल करके सामने आ रहा है. दरअसल बुधवार को मामले की मुख्य आरोपी इवाना लिसेट ऑर्टिज लॉस एंजिल्स की अदालत में पेश हुई. इस दौरान उसने खुद पर लगे ‘हत्या की कोशिश’ (Attempted to Murder) समेत सभी 14 संगीन आरोपों से इनकार करते हुए खुद को ‘बेकसूर’ बताया है.

अदालत में दिए गए अपने बयान में इवाना ने एक सनसनीखेज बात कही कि उसका इरादा किसी की जान लेना नहीं था. हालांकि अभियोजन पक्ष (Prosecutors) ने कोर्ट में दलील दी कि जिस तरह से आरोपी ने AR-15 स्टाइल की सेमी-ऑटोमैटिक राइफल से रिहाना के घर पर करीब 20 राउंड गोलियां बरसाईं, वह एक सोची-समझी और जानलेवा साजिश का हिस्सा था.

वहीं कोर्ट ने आरोपी की गंभीरता को देखते हुए उसकी करीब 102 करोड़ रुपये की शुरुआती भारी-भरकम जमानत राशि को संशोधित कर अब 15 करोड़ रुपये कर दी लेकिन उसे रिहा करने से इनकार कर दिया.

क्या हुआ था 8 मार्च की उस खौफनाक दोपहर को?

पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना (Rihanna House Firing) 8 मार्च 2024 को दोपहर करीब 1:20 बजे हुई थी. जब फ्लोरिडा की रहने वाली इवाना ऑर्टिज अपनी कार से रिहाना के बेवर्ली हिल्स वाले बंगले के बाहर पहुंची और उन्होंने घर के सामने अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. जांच में पता चला है कि उस वक्त घर के अंदर रिहाना के बच्चे और मां समेत कुल 10 लोग मौजूद थे.

चौंकाने वाली बात यह है कि रिहाना और रॉकी उस समय घर के बाहर खड़े एक ‘एयरस्ट्रीम ट्रेलर’ (कैंपर) के अंदर थे, जिस पर भी गोलियां चलाई गईं. गनीमत रही कि इस हमले में किसी को शारीरिक चोट नहीं आई लेकिन एक गोली घर की दीवार को चीरती हुई अंदर जा घुसी थी. वारदात के बाद इवाना अपनी टेस्ला कार से फरार हो गई थी, जिसे पुलिस ने पीछा कर कुछ ही दूरी पर दबोच लिया.

यह भी पढ़ें: बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर 2’ की सुनामी! 7 वें दिन 1000 करोड़ का आंकड़ा किया पार; जानें अब तक कितने रिकॉर्ड्स तोड़ चुकी है फिल्म?

आरोपी के पास से मिली एक ‘विग’

अदालत में सरकारी वकील अलेक्जेंडर बॉट ने खुलासा किया कि जब इवाना को गिरफ्तार किया गया तो उसकी कार से न केवल राइफल और भारी मात्रा में कारतूस मिले बल्कि एक ‘विग’ भी बरामद हुई. पुलिस का मानना है कि वह अपनी पहचान छुपाने के लिए इस विग का इस्तेमाल भेष बदलने में करने वाली थी. यह सबूत इशारा करते हैं कि यह हमला (Rihanna House Firing) पूरी तरह से प्री-प्लान्ड था.

इसके अलावा इवाना के पुराने सोशल मीडिया पोस्ट्स की जांच से पता चला है कि वह काफी समय से रिहाना को लेकर काफी ‘फिक्सेटेड’ (जुनूनी) थी और उसने सिंगर की मौत से जुड़ी बातें भी पोस्ट की थीं. वह पेशे से एक लाइसेंस प्राप्त ‘स्पीच पैथोलॉजिस्ट’ रही है लेकिन अब इस अपराध के कारण उसका प्रोफेशनल लाइसेंस भी खतरे में है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read