Bharat Express DD Free Dish

श्रीदेवी की याद में इमोशनल हुए शेखर कपूर, बोले- कैमरे के सामने आते ही हो जाता था जादू; शेयर की अनदेखी तस्वीर

जाने-माने फिल्ममेकर शेखर कपूर ने श्रीदेवी की जयंती पर एक थ्रोबैक तस्वीर शेयर करते हुए उनके साथ अपने गहरे जुड़ाव और ‘मिस्टर इंडिया’ की शूटिंग के दिनों को याद किया है.

Shekhar Kapur, Sridevi, Bollywood

Sridevi Birthday: बॉलीवुड की लीजेंड्री एक्ट्रेस श्रीदेवी को आज भी करोड़ों फैंस और उनके चाहने वाले हर खास मौके पर शिद्दत से याद करते हैं. हाल ही में उनकी जयंती के मौके पर जाने-माने फिल्ममेकर शेखर कपूर ने उन्हें बेहद खास अंदाज में याद किया. शेखर कपूर ने इंस्टाग्राम पर श्रीदेवी के साथ अपनी एक पुरानी थ्रोबैक तस्वीर शेयर की है, जो उनकी शुरुआती फिल्मों में से एक ‘जोशीले’ के सेट की बताई जा रही है. इस तस्वीर के जरिए उन्होंने श्रीदेवी के साथ अपने गहरे प्रोफेशनल और पर्सनल बॉन्ड को याद किया है.

‘मिस्टर इंडिया’ के दिनों को किया याद

शेखर कपूर ने लिखा कि भले ही दुनिया श्रीदेवी को एक चमकते हुए सुपरस्टार के तौर पर जानती हो, लेकिन उनके लिए वह एक बेहतरीन को-ऑब्लेटर और निर्देशक की सबसे अच्छी दोस्त थीं. उन्होंने फिल्म ‘मिस्टर इंडिया’ के दिनों को याद करते हुए कहा कि अगर श्रीदेवी का साथ न होता तो इस आइकॉनिक फिल्म को बनाना मुमकिन ही नहीं था. उन्होंने बताया कि जब वे ‘मिस्टर इंडिया’ की शूटिंग कर रहे थे तो सेट पर जाने के लिए उनका उत्साह देखते ही बनता था क्योंकि श्रीदेवी हर रोज अपने काम से कुछ ऐसा चौंका देती थीं कि इंसान हैरान रह जाए.

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Shekhar kapur (@shekharkapur)

कैमरे के सामने आते ही बदल जाता था अंदाज

श्रीदेवी के बारे में बात करते हुए शेखर कपूर ने एक दिलचस्प बात साझा की. उन्होंने बताया कि जब कैमरा ऑन नहीं होता था, तो श्रीदेवी चुपचाप अपनी कुर्सी पर बैठी रहती थीं और उन्हें अपनी स्टारडम का जरा भी घमंड नहीं था. वह अक्सर शॉट के बाद अपनी वैनिटी वैन या ट्रेलर में जाने के बजाय सेट पर ही रहना पसंद करती थीं.

लेकिन जैसे ही वह कैमरे के सामने आती थीं, मानो कोई जादू चल जाता था. उनकी गजब की एनर्जी सिर्फ कैमरे के लिए नहीं होती थी, बल्कि सेट पर मौजूद हर शख्स उस ऊर्जा को महसूस करता था. शेखर कपूर ने याद किया कि कई बार गानों या डांस सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान उनका परफॉरमेंस इतना शानदार होता था कि वे निर्देशक के रूप में ‘कट’ बोलना ही भूल जाते थे.

ये भी पढ़ें- KBC में पहुंचे दुनिया के सबसे छोटे डॉक्टर, 5 लाख देकर सर्कस वालों ने खरीदा था सपना; भावुक हुए अमिताभ बच्चन

“ऐसी अदाकारा दोबारा नहीं होगी”

अपनी इस इमोशनल पोस्ट के आखिर में शेखर कपूर ने लिखा कि उन्हें नहीं लगता कि फिल्म इंडस्ट्री में कभी कोई दूसरी श्रीदेवी आ सकती है. वह हम सबके लिए किसी खूबसूरत तोहफे की तरह थीं. श्रीदेवी को उनकी जयंती पर याद करते हुए उन्होंने आखिर में लिखा, “तुम जहां भी हो श्री, जन्मदिन मुबारक हो.”

बता दें कि श्रीदेवी का जन्म 13 अगस्त 1963 को हुआ था और फरवरी 2018 में 54 साल की उम्र में उनका अचानक निधन हो गया था, जिसने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया था.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read