Bharat Express DD Free Dish

KBC में पहुंचे दुनिया के सबसे छोटे डॉक्टर, 5 लाख देकर सर्कस वालों ने खरीदा था सपना; भावुक हुए अमिताभ बच्चन

गुजरात के 3 फीट 4 इंच लंबे डॉ. गणेश बरैया ने ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के मंच पर अपनी संघर्ष भरी कहानी से सभी को भावुक कर दिया. बचपन में सर्कस के ऑफर को ठुकराकर पढ़ाई चुनने वाले गणेश आज देश के लिए एक मिसाल बन चुके हैं.

KBC 18, Kaun Banega Crorepati, Dr Ganesh Baraiya

KBC 18: अमिताभ बच्चन के मशहूर क्विज़ शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ (KBC 18) के मंच पर इन दिनों कुछ ऐसे किस्से सामने आ रहे हैं, जो दर्शकों को रुला भी देते हैं और प्रेरित भी कर देते हैं. हाल ही में इस हॉट सीट पर गुजरात के रहने वाले डॉ. गणेश बरैया पहुंचे जिन्हें दुनिया का सबसे छोटा डॉक्टर कहा जाता है. गणेश की जिंदगी की कहानी सिर्फ संघर्ष की नहीं बल्कि हार न मानने वाले जज्बे की एक ऐसी मिसाल है, जिसे सुनकर महानायक अमिताभ बच्चन भी इमोशनल हो गए.

सर्कस वालों ने 5 लाख में खरीदा था सपना

भावनगर जिले के गोरखी गांव के रहने वाले गणेश की लंबाई सिर्फ 3 फीट 4 इंच है. उन्हें बौनेपन के साथ-साथ लोकोमोटर डिसेबिलिटी यानी चलने-फिरने में अक्षमता की भी समस्या है. उनके शरीर का करीब 72 फीसदी हिस्सा इससे प्रभावित है. शो के दौरान गणेश ने अपने बचपन का एक ऐसा वाकया सुनाया जिसे सुनकर किसी की भी आंखें नम हो जाएं. उन्होंने बताया कि जब वे प्राइमरी स्कूल में थे, तब कुछ लोग उनके घर आए थे और उनके पिता को गणेश को सर्कस के लिए सौंपने के एवज में 5 लाख रुपये देने का ऑफर दिया था. लेकिन गणेश के पिता ने पैसों को ठोकर मारकर अपने बेटे की पढ़ाई को चुना और आज उनका फैसला सही साबित हुआ है.

डॉक्टर बनने के लिए लगाई कोर्ट में गुहार

महज 3 फीट 4 इंच कद वाले गणेश ने अपनी शारीरिक चुनौतियों को कभी अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया. उन्होंने 12वीं की परीक्षा में 87 फीसदी अंक हासिल किए और नीट (NEET) में ऑल इंडिया रैंक 233 लाकर सबको चौंका दिया. हालांकि मुश्किलें तब शुरू हुईं जब विकलांगता के आधार पर उन्हें एमबीबीएस में एडमिशन देने से इनकार कर दिया गया. ऐसे में उनके स्कूल के प्रिंसिपल दलपत कटारिया उनके ढाल बनकर खड़े हुए. उन्होंने कोर्ट में इस फैसले को चुनौती दी और दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के तहत कानूनी लड़ाई लड़ी. आखिरकार कोर्ट ने गणेश के पक्ष में फैसला सुनाया और उनके डॉक्टर बनने का रास्ता खुल गया.

ये भी पढ़ें- Empress: श्रीदेवी के जीवन पर आ रही सबसे विश्वसनीय किताब, इसमें फैंस देख सकेंगे उनकी पूरी सिनेमाई यात्रा

KBC में नहीं जीत पाए बड़ी रकम

केबीसी के मंच पर ‘फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट’ का राउंड जीतकर गणेश हॉट सीट पर पहुंचे और शानदार खेल दिखाया. हालांकि 3 लाख रुपये के सवाल तक आते-आते उनकी सारी लाइफलाइन खत्म हो चुकी थीं. सही जवाब न पता होने की वजह से वह इस पड़ाव को पार नहीं कर पाए और नियमों के तहत 25,000 रुपये जीतकर खेल से विदा हुए. भले ही वह इनामी राशि बड़ी नहीं जीत पाए लेकिन अपनी हिम्मत और मुस्कान से उन्होंने वहां बैठे हर शख्स और करोड़ों दर्शकों का दिल जरूर जीत लिया. आज गणेश गुजरात के भावनगर के एक अस्पताल में बच्चों के विभाग में मरीजों की सेवा कर रहे हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read