Do You Wanna Partner Trailer: कॉमेडी और ड्रामा से भरपूर नई सीरीज़ ‘डू यू वाना पार्टनर’ का ट्रेलर 29 अगस्त को लॉन्च कर दिया गया. इसमें तमन्ना भाटिया और डायना पेंटी लीड रोल में नज़र आएंगी. शो महिला दोस्ती और पुरुष-प्रधान समाज में उद्यमिता (Entrepreneurship) की चुनौतियों को केंद्र में रखता है.
तमन्ना-डायाना ने सेट किए फ्रेंडिशिप गोल
ट्रेलर में शिखा (तमन्ना) और अनाहिता (डायना) की कहानी दिखाई गई है, जो तमाम मुश्किलों के बावजूद एक स्टार्ट-अप की दुनिया में कदम रखती हैं. दोनों दोस्त क्राफ्ट बीयर ब्रांड लॉन्च करने का बड़ा आइडिया लेकर आती हैं. इसके बाद उनकी ज़िंदगी में एंटर होते हैं बीयर बारॉन, गैंगस्टर्स और अजीबोगरीब जुगाड़ से भरी घटनाएँ. कहानी में दिखाया गया है कि कैसे दोनों समाज की रूढ़ियों से लड़ते हुए अपने सपनों का बिज़नेस खड़ा करने की कोशिश करती हैं.
सितारों की प्रतिक्रियाएं
तमन्ना भाटिया ने कहा—“‘डू यू वाना पार्टनर’ मेरे करियर का सबसे लेयर्ड और इमोशनली कॉम्प्लेक्स शो है. इसकी खासियत यह है कि यह महिला दोस्ती और सिस्टरहुड का जश्न मनाता है. शिखा का किरदार निभाना मेरे लिए बेहद खास अनुभव रहा.” डायना पेंटी ने अपनी ऑन-स्क्रीन दोस्ती पर कहा “इस शो ने मुझे इसलिए आकर्षित किया क्योंकि इसमें महिला दोस्ती को बेहद सच्चाई से दिखाया गया है. यह सिर्फ बिज़नेस की कहानी नहीं, बल्कि दोस्ती और सहयोग की ताकत को भी खूबसूरती से पेश करता है.”
फिल्म में दिखेगी तमन्ना -डायाना की केमिस्ट्री
डायरेक्टर कॉलिन डी’कुन्हा ने बताया “यह सीरीज़ महिला दोस्ती और उद्यमिता की भावना का जश्न है. तमन्ना, डायना और बाकी कलाकारों की असली केमिस्ट्री ही शो को खास बनाती है.” सह-निर्देशक अर्चित कुमार ने कहा “हमने भारतीय महिला उद्यमियों की यात्राओं पर रिसर्च कर इस कहानी को तैयार किया है. इसमें मजाकिया अंदाज़ के साथ साहस और महत्वाकांक्षा दोनों झलकते हैं.”
रिलीज और कास्ट
इस सीरीज़ का निर्देशन कॉलिन डी’कुन्हा और अर्चित कुमार ने किया है. इसे नंदिनी गुप्ता, अर्श वोरा और मिथुन गांगोपाध्याय ने लिखा है. शो में जावेद जाफरी, नकुल मेहता, श्वेता तिवारी, नीरज काबी, सूफी मोटिवाला और रणविजय सिंह भी अहम भूमिकाओं में दिखेंगे. ‘डू यू वाना पार्टनर’ को 12 सितंबर से प्राइम वीडियो पर भारत समेत 240 देशों और क्षेत्रों में देखा जा सकेगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



