Bharat Express DD Free Dish

क्या वाकई मालवीय नगर में जलती खिड़की से कूदी लड़की? जानें वायरल हो रहे इस वीडियो का सच

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक लड़की जलती इमारत से कूदकर जान बचाती दिख रही है. इसे दिल्ली के मालवीय नगर होटल हादसे का बताया जा रहा है. लेकिन दावें कि जांच करने पर इसकी सच्चाई कुछ और ही निकली.

Fact Check Fake Video Viral In Malviya Nagar Delhi Hotel Fire

देश की राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में हाल ही में लगी भीषण आग ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया, जिसमें 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. इस दुखद हादसे के बाद से सोशल मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक वीडियो का बाजार भी गर्म हो गया है. आजकल इंटरनेट पर एक दिल दहला देने वाला वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है. इस वीडियो में एक लड़की जलती हुई इमारत की बालकनी से लटककर खुद को बचाती हुई नजर आ रही है, जिसे फायर ब्रिगेड के कर्मी रेस्क्यू कर रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो मालवीय नगर के उसी होटल हादसे का है. लेकिन क्या ये वाकई सच है आइए जानते है.

क्या है वायरल दावा?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर कई लोगों ने इस वीडियो को शेयर किया है. पोस्ट में लिखा गया है कि मालवीय नगर के 6 मंजिला ‘फ्लरिश स्टे होटल’ में लगी आग के दौरान लोग अपनी जान बचाने के लिए ऊपर से कूदने को मजबूर हो गए. वीडियो को इसी घटना से जोड़कर खूब वायरल किया जा रहा है ताकि लोग इसे सच मान लें.

पड़ताल में सामने आया सच

जब हमने वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को निकालकर गूगल रिवर्स इमेज के जरिए सर्च किया, तो इस दावे की पूरी सच्चाई सामने आ गई. ये वीडियो दिल्ली का है ही नहीं, बल्कि सात समंदर पार फिलीपींस का है.

जांच में पता चला कि ये वीडियो दिसंबर 2025 का है. ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर इसे 11 दिसंबर 2025 को अपलोड किया गया था. असल में, फिलीपींस में 10 दिसंबर 2025 को एक इमारत में आग लग गई थी. वहां एक बहादुर लड़की ने खुद की जान दांव पर लगाकर, नीचे कूदने से पहले अपने दो पालतू कुत्तों को सुरक्षित बाहर निकाला था. एक विश्वसनीय अखबार ने भी 12 दिसंबर 2025 की अपनी रिपोर्ट में इस जांबाज लड़की की कहानी छापी थी.

इस जांच से साफ है कि फिलीपींस में जानवरों को बचाने वाली एक बहादुर लड़की के पुराने रेस्क्यू वीडियो को दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड से जोड़कर गलत और भ्रामक संदर्भ में फैलाया जा रहा है. इसलिए ऐसी संवेदनशील घटनाओं के वक्त बिना जांचे-परखे किसी भी वीडियो पर भरोसा न करें और न ही उसे आगे शेयर करें.

ये भी पढ़ें: ’24 घंटे में ब्लॉक हो जाएगा आपका सिम…’ आखिर कितनी सच है वायरल हो रहे नोटिस की सच्चाई?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read