‘आपका सिम कार्ड 24 घंटे के भीतर बंद कर दिया जाएगा, क्योंकि आपकी केवाईसी (KYC) सस्पेंड हो गई है!’ अगर आपके मोबाइल पर भी ऐसा कोई मैसेज या नोटिस आया है, तो डरने या घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. डिजिटल इंडिया के इस दौर में साइबर ठग मासूम मोबाइल उपभोक्ताओं को डराने और उनके बैंक खाते साफ करने के लिए हर रोज नए-नए पैंतरे अपना रहे हैं. आजकल सोशल मीडिया पर भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) के नाम से एक ऐसा ही नोटिस धड़ल्ले से शेयर किया जा रहा है. लेकिन ये वाकई में सच है आइए जानते है.
सरकारी लोगो लगाकर डराने की साजिश
इस फर्जी नोटिस को जालसाजों ने इतनी चालाकी से तैयार किया है कि कोई भी आम इंसान पहली नजर में धोखा खा जाए. ठगों ने इस लेटरहेड पर बकायदा बीएसएनएल (BSNL), टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) और हमारे राष्ट्रीय प्रतीक (सत्यमेव जयते) के असली जैसे दिखने वाले लोगो का इस्तेमाल किया है. इसका मकसद सिर्फ इतना है कि यूजर डर जाए और हड़बड़ाहट में आकर उनके झांसे में फंस जाए. पीआईबी ने इसको लेकर अलर्ट किया कि बीएसएनएल या ट्राई की तरफ से सिम ब्लॉक करने की ऐसी कोई भी चेतावनी या नोटिस जारी नहीं किया गया है.
ठगों के इस जाल से कैसे बचें?
अगर आप ऑनलाइन फ्रॉड और बैंकिंग ठगी से सुरक्षित रहना चाहते हैं, तो इन बातों का जरूर ध्यान दें:
- किसी भी अनजान नंबर से आए मैसेज या धमकी भरे नोटिस पर आंख मूंदकर भरोसा न करें.
- फोन कॉल, सामान्य एसएमएस (SMS) या वॉट्सऐप पर कभी भी अपनी पर्सनल या बैंकिंग जानकारी शेयर न करें.
- कोई कितनी भी मिन्नतें करे, अपना ओटीपी (OTP), एटीएम पिन या यूपीआई पिन किसी को न बताएं.
- किसी भी मैसेज में आए संदिग्ध लिंक (Link) पर क्लिक करने की भूल बिल्कुल न करें.
- अगर सिम या केवाईसी को लेकर कोई भी शक हो, तो सीधे कंपनी के नजदीकी आधिकारिक स्टोर या कस्टमर केयर से ही बात करें.
फेक न्यूज की शिकायत यहां दर्ज करें
अगर आपके पास भी सरकार, योजनाओं या सरकारी कंपनियों से जुड़ी कोई ऐसी संदिग्ध खबर या मैसेज आता है, तो आप खुद उसकी सच्चाई जान सकते हैं. इसके लिए आप उस भ्रामक खबर का स्क्रीनशॉट या यूआरएल (URL) पीआईबी फैक्ट चेक के आधिकारिक वॉट्सऐप नंबर 8799711259 पर भेज सकते हैं. इसके अलावा आप चाहें तो [email protected] पर ईमेल के जरिए भी अपनी शिकायत भेजकर सच का पता लगा सकते हैं. सतर्क रहें, सुरक्षित रहें!
ये भी पढ़ें: क्या तमिलनाडु में RSS पर लग गया है बैन? जानें सोशल मीडिया पर सीएम विजय थलापति के नाम से वायरल दावे का पूरा सच
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

