Bharat Express DD Free Dish

आगरा में सामान चोरी होने के बाद ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर रहा है ऑस्ट्रेलियाई सैलानी? जानें क्या है वायरल वीडियो का सच

सोशल मीडिया पर ‘एंडरसन’ नामक ऑस्ट्रेलियाई नागरिक का बताकर एक वीडियो वायरल किया जा रहा है, जिसमें दावा है कि आगरा में सामान चोरी होने के बाद वह ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर रहा है. पड़ताल में यह दावा पूरी तरह फेक निकला है.

Fact Check Is Australian Tourist Working In UP Brick Kiln After Theft

Fact Check: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक बेहद हैरान करने वाला वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई भावुक हो रहा है. वीडियो में एक गोरे रंग का युवक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता नजर आ रहा है. इस वीडियो को शएयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि ये ऑस्ट्रेलिया का रहने वाला ‘एंडरसन’ है, जो भारत घूमने आया था. लेकिन आगरा में उसका सारा सामान चोरी हो गया जिसके बाद मजबूरन उसे पेट भरने के लिए भट्ठे पर मजदूरी करनी पड़ रही है. लेकिन क्या वाकई में ऐसा है? आइए जानते है.

क्या हो रहा है वायरल?

दरअसल, फेसबूक के एक यूजर ने एक वीडियो को शेयर किया जिसमें एक गोरा आदमी भट्ठे में मजदूरी करता हुआ नजर आता है. इस वीडियो के साथ यूजर ने लिखा, ‘अतिथि देवो भव के देश से आई इस तस्वीर ने सबको शर्मसार कर दिया है! आगरा (उत्तर प्रदेश): ऑस्ट्रेलिया से भारत की संस्कृति और खूबसूरती को निहारने आए ‘एंडर्सन’ नाम के एक विदेशी पर्यटक के साथ आगरा में एक बेहद दुखद और शर्मनाक वाकया पेश आया है. आगरा घूमने के दौरान चोरों ने एंडर्सन का पासपोर्ट, सारे पैसे और उनका पूरा सामान पार कर दिया.’

यूजर ने आगे लिखा कि विदेशी धरती पर सब कुछ खो जाने के बाद एंडर्सन पूरी तरह लाचार हो गए. हालत यह हो गई है कि अब उन्हें दो वक्त की रोटी और अपना पेट भरने के लिए एक ईंट के भट्ठे पर कड़ा शारीरिक श्रम और मजदूरी करनी पड़ रही है. जिस सैलानी का स्वागत पलकों पर होना चाहिए था, वह आज दाने-दाने को मोहताज है. हम सभी देशवासियों से अपील करते हैं कि इस वीडियो को इतना शेयर करें कि यह प्रशासन तक पहुंचे. साथ ही, जिसने भी इनका सामान चुराया है, कृपया इंसानियत के नाते इनका पासपोर्ट और सामान लौटा दें ताकि यह मासूम विदेशी नागरिक अपने वतन सुरक्षित वापस लौट सके.

क्या है असल सच्चाई?

जब इस वायरल वीडियो की जांच शुरु की गई तो असल सच सामने आया. असल में वीडियो में दिख रहा युवक कोई विदेशी सैलानी नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के काठा गांव का रहने वाला एक भारतीय नागरिक है, जिसका नाम साहिल देशवाल है.

बता दें कि साहिल को ‘एल्बिनिज्म’ (एक मेडिकल स्थिति) है, जिसमें शरीर में मेलेनिन पिगमेंट की कमी के कारण त्वचा, बाल और आंखों का रंग बिल्कुल गोरा या सफेद हो जाता है. इसी वजह से लोग उन्हें पहली नजर में विदेशी समझ बैठते हैं.

साहिल के भाई गुलफाम ने बताया कि वे लोग बचपन से बागपत में ही रह रहे हैं. पिता के एक्सीडेंट के बाद साहिल ने 12वीं तक पढ़ाई की और फिर परिवार की मदद के लिए ईंट-भट्ठे पर मजदूरी शुरू कर दी. एक दिन भट्ठे के ही मुंशी ने मजे-मजे में साहिल का काम करते हुए वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर ‘ऑस्ट्रेलियाई सैलानी एंडरसन’ की झूठी कहानी के साथ पोस्ट कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गई.

आगरा पुलिस बताया अफवाह

मामले को लेकर जब आगरा के ताजगंज थाना प्रभारी जसवीर सिंह से संपर्क किया गया, तो उन्होंने साफ किया कि आगरा में किसी भी विदेशी पर्यटक का सामान या पासपोर्ट चोरी होने का ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है. अगर ऐसा कुछ होता तो पुलिस में शिकायत जरूर दर्ज होती. खुद साहिल और उसके भाई ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर इस पूरी कहानी को पूरी तरह फर्जी बताया है और लोगों से अफवाह न फैलाने की अपील की है. इसलिए सोशल मीडिया के ऐसे बहकावे में न आएं, ये वीडियो पूरी तरह फेक है.

ये भी पढ़ें: Fact Check: आधार कार्ड पर सरकार दे रही है मुफ्त AC? जानें सोशल मीडिया पर वायरल दावे का असल सच

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read