20 जूलाई को हुई कॉकरोच जनता पार्टी के ‘संसद मार्च’ और उसमें छात्रों से पुलिस की हुई झड़प के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. वीडियोज को लेकर अलग-अलग दावे भी हो रहे है. इन्हीं में से एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इससे दावा किया जा रहा है कि इस झड़प में एक हेड कांस्टेबल शाहिद हो गया. लेकिन क्या ऐसा वाकई में सच है?
क्या हो रहा है वायरल?
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कार्ड तेजी से वायरल हो रहा है. ये दिखने में बिल्कुल दिल्ली पुलिस की आधिकारिक श्रद्धांजलि पोस्टकार्ड जैसा लग रहा है. इसे शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है 20 जुलाई के प्रदर्शन में केजरीवाल और अन्य नेताओं के समर्थकों द्वारा किए गए हमले में जवान की जान चली गई. पोस्टकार्ड पर हेड कांस्टेबल अमित को श्रद्धांजलि देते हुए ‘ॐ शांति’ लिखा नजर आ रहा है.
जांच में क्या आया सामने?
इसकी पड़ताल करने पर पता चला कि श्रद्धांजलि पोस्टकार्ड तो बिल्कुल असली है, लेकिन इससे किया जा रहा दावा की कहानी कुछ और ही है.
दिल्ली पुलिस के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर यह श्रद्धांजलि संदेश 16 जुलाई को ही पोस्ट कर दिया गया था. यानी यह घटना 20 जुलाई के संसद मार्च से कई दिन पहले की है. असल में, हेड कांस्टेबल अमित की मौत 15 जुलाई को सिंधु बॉर्डर पर ड्यूटी के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसे में हुई थी.
कैसे हुआ था हादसा?
असल में 15 जुलाई को हरियाणा के सोनीपत निवासी हेड कांस्टेबल अमित सिंधु बॉर्डर पर अपनी ड्यूटी पर तैनात थे, तभी एक तेज रफ्तार मारुति सुजुकी बलेनो कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था. पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए घटना के कुछ ही घंटों भीतर आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया था और गाड़ी भी जब्त कर ली थी.
इस जांच से ये साफ हो गया कि सोशल मीडिया पर फैल रहा यह दावा झूठा है. इसलिए ऐसे किसी भी दावों पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें.
ये भी पढ़ें: क्या दिल्ली के CJP प्रदर्शन में हुई थीं मौतें? जानें क्या है वायरल वीडियो की असलियत
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

