Fact Check: हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी है. इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हुई, जिसमें एक पुलिसकर्मी को महिला को लात मारते हुए दिखाया गया. कई यूजर्स ने इसे सच मानकर शेयर किया और पुलिस पर सवाल उठाए.
वायरल पोस्ट का दावा
एक फेसबुक यूजर ने 2 सितंबर 2026 को तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि हिसार में महिला सफाई कर्मचारी पर पुलिस ने जोर आजमाइश की. पोस्ट में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए गए और इसे महिला सम्मान से जोड़कर राजनीतिक टिप्पणी भी की गई.
तस्वीर की पड़ताल
भारत एक्सप्रेस न्यूज ने तस्वीर को ध्यान से देखा. इसमें पुलिसकर्मी की उंगलियां अधूरी थीं और पास खड़े दूसरे पुलिसकर्मी का शरीर आधा दिखाई दे रहा था. यह AI जनरेटेड तस्वीरों की आम खामी है.
AI टूल्स से जांच
तस्वीर को कई AI डिटेक्शन टूल्स से चेक किया गया. ‘AIorNot’ ने 92% संभावना जताई कि यह AI से बनी है. ‘Was It AI’ ने 100% संभावना बताई. ‘Site Engine’ और ‘INVID’ टूल्स ने भी 99% से अधिक संभावना दिखाई कि तस्वीर AI से तैयार की गई है.
हिसार पुलिस ने क्या कहा?
जांच के दौरान हिसार पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट मिला. इसमें बताया गया कि फेक इमेज बनाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने भी पुष्टि की कि तस्वीर नकली है और इस पर एफआईआर दर्ज की गई है.
मीडिया रिपोर्ट्स से पुष्टि
एक रिपोर्ट में बताया गया कि 1 सितंबर को हिसार में सफाई कर्मचारियों और पुलिस के बीच टकराव हुआ था. इस दौरान एक पुलिसकर्मी ने महिला को धक्का दिया था, जिसका वीडियो भी सामने आया. वहीं एक और न्यूज चैनल ने लिखा कि हड़ताल के दौरान पुलिस और कर्मचारियों के बीच झड़प हुई और कई पुलिसकर्मी घायल हुए.
कब की है घटना?
हरियाणा में 6 अगस्त 2026 से सफाई कर्मचारी और सीवरमैन हड़ताल पर हैं. सरकार ने उनकी 13 में से 12 मांगें मान ली हैं, लेकिन आंदोलन जारी है. प्रशासन ने वैकल्पिक इंतजामों से कचरा उठाने की कोशिश की, जिससे टकराव बढ़ गया. हिसार में अब तक 30 कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है.
ये भी पढ़ें-रोहित रहेंगे या जाएंगे? BCCI की महाबैठक के बाद निकला बड़ा नतीजा, सचिव ने दिया क्लियर अपडेट
भारत एक्सप्रेस न्यूज की पड़ताल में सामने आया कि वायरल तस्वीर असली नहीं बल्कि AI से बनाई गई है. हालांकि हिसार में सफाई कर्मचारियों और पुलिस के बीच टकराव जरूर हुआ था, लेकिन महिला को लात मारने वाली तस्वीर पूरी तरह फर्जी है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
