Bharat Express DD Free Dish

क्या राशन कार्ड धारकों को मुफ्त में मिल रहा है ट्रैक्टर? जानिए वायरल वीडियो का पूरा सच

सोशल मीडिया पर राशन कार्ड धारकों को मुफ्त ट्रैक्टर देने का दावा करने वाला वीडियो पूरी तरह फर्जी है. PIB फैक्ट चेक ने साफ किया है कि केंद्र सरकार ने ऐसी कोई घोषणा नहीं की है.

PIB Fact Check Free Tractor Scheme Claim For Ration Card Holders Is Fake Bharat Express

AI IMAGE

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें दावा किया जा रहा है कि केंद्र सरकार देश के सभी राशन कार्ड धारकों को बिल्कुल मुफ्त में ट्रैक्टर दे रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पुराने भाषण की क्लिप का इस्तेमाल करके तैयार किए गए इस वीडियो ने ग्रामीण इलाकों और किसानों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर दी है. लेकिन असल सच्चाई कुछ और ही है.

क्या है वायरल दावा?

दरअसल, ‘सरकारी योजना’ नाम के एक फेसबुक पेज से शेयर किए गए इस 20 सेकंड के वीडियो में पीएम मोदी बोलते दिखाई देते हैं कि ‘साथियों, 8 तारीख का दिन जरूर याद रखना.’

इसके तुरंत बाद पीएम का वीडियो हट जाता है और बैकग्राउंड वॉइस में एक व्यक्ति दावा करने लगता है कि सरकार राशन कार्ड धारकों को 100% सब्सिडी पर मुफ्त ट्रैक्टर बांट रही है. वीडियो में लोगों से एक अज्ञात लिंक पर क्लिक करके आधार और राशन कार्ड की जानकारी भरने को भी कहा जा रहा है.

क्या है सच्चाई?

सरकारी एजेंसी प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक टीम ने इस वायरल दावे की पड़ताल की और इसे पूरी तरह फर्जी करार दिया. PIB ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या केंद्र सरकार की ओर से ऐसी किसी भी योजना की घोषणा नहीं की गई है.

साइबर मामलों के विशेषज्ञों के अनुसार, ठग ऐसे फर्जी लुभावने वीडियो बनाकर लोगों से निजी दस्तावेज और बैंकिंग डिटेल्स चुराने की कोशिश करते हैं.

ऐसे करें असली योजनाओं की पहचान

सरकार ने नागरिकों को सलाह दी है कि किसी भी वायरल खबर या मैसेज पर आंख मूंदकर भरोसा न करें.

बता दें कि, केंद्र सरकार की योजनाओं की सही और प्रामाणिक जानकारी के लिए हमेशा आधिकारिक वेबसाइट myscheme.gov.in या pib.gov.in पर ही जाएं.

यदि आपको किसी सरकारी योजना के दावे पर संदेह हो, तो आप उसकी जांच के लिए PIB Fact Check के व्हाट्सएप नंबर +91 8799711259 पर मैसेज भेज सकते हैं.

यह भी पढ़ें: योगी सरकार के बुलडोजर एक्शन पर भड़के हाई कोर्ट के जज? जानें क्या है असली वजह

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read