Bharat Express DD Free Dish

PIB Fact Check: क्या वाकई बंद हो रहे हैं ATM से ₹500 के नोट? जानिए क्या है वायरल मैसेज की सच्चाई

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उस मैसेज की पोल खुल गई जिसमें दावा किया गया था कि RBI ₹500 के नोटों को एटीएम से हटाने वाला है. PIB ने इसे फेक न्यूज बताया है और लोगों से ऐसी अफवाहों से सतर्क रहने की अपील की है.

pbi fact check

PIB Fact Check: इन दिनों सोशल मीडिया और वॉट्सऐप यूनिवर्स में एक मैसेज तेजी से घूम रहा है. इसमें दावा किया जा रहा है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने सभी बैंकों को निर्देश दिया है कि वे सितंबर 2025 तक एटीएम से ₹500 के नोट देने बंद कर दें.

इतना ही नहीं, इस मैसेज में यह भी कहा जा रहा है कि 30 सितंबर 2025 तक एटीएम में ₹500 के नोटों की सप्लाई 75% तक कम कर दी जाएगी और 31 मार्च 2026 तक यह 90% तक घटा दी जाएगी.

अब इस वायरल दावे पर खुद भारत सरकार की एजेंसी प्रेस इनफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने मोर्चा संभाला है और सच्चाई सामने लाई है.

सरकार ने बताया खबर की सच्चाई

PIB के फैक्ट चेक डिपार्टमेंट ने साफ कर दिया है कि आरबीआई की तरफ से ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया है. ना ही बैंकों को एटीएम से ₹500 के नोट हटाने को कहा गया है, और ना ही कोई ऐसी योजना बनाई गई है.

PIB ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि “RBI की तरफ से इस तरह का कोई भी आदेश बैंकों को नहीं दिया गया है. ₹500 के नोट अब भी लीगल टेंडर हैं और इनका इस्तेमाल पहले की तरह वैध बना रहेगा.”

बिना पुष्टि के मैसेज पर न करें भरोसा

यह पहली बार नहीं है जब करेंसी से जुड़ा कोई भ्रामक मैसेज वायरल हुआ हो. याद होगा, ₹2000 के नोट को लेकर भी इसी तरह की अफवाहें उड़ती रही थीं.

सरकार की ओर से फिर साफ कर दिया गया है कि सोशल मीडिया या मैसेजिंग ऐप्स पर आने वाली ऐसी खबरों पर आंख बंद कर भरोसा न करें.

किसी भी आर्थिक बदलाव से जुड़ी जानकारी के लिए आरबीआई या PIB जैसे आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें.

अफवाह लगे, तो यहां करें शिकायत

अगर आपके पास भी सरकार से जुड़ी कोई खबर या पोस्ट है जो संदिग्ध लग रही है, तो आप खुद PIB Fact Check से इसकी पुष्टि कर सकते हैं.

आपको बस उस खबर का स्क्रीनशॉट, लिंक या मैसेज लेकर इसे PIB को भेजना है-

  • वॉट्सऐप पर भेजें: +91 8799711259
  • या ईमेल करें: [email protected]

ये भी पढ़ें- UAE ने नए लाइफटाइम गोल्डन वीजा की रिपोर्ट्स को बताया फर्जी, फेक न्युज फैलाने वाली संस्थाओं पर करेगी कानूनी कार्रवाई

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read