Bharat Express DD Free Dish

खेलो इंडिया के नाम पर ठगी का नया अड्डा! ‘यूथ खेलो इंडिया फेडरेशन’ की खुली पोल

पीआईबी ने ‘यूथ खेलो इंडिया फेडरेशन’ के दावों की पोल खोल दी है. यह संगठन थाईलैंड गेम्स के नाम पर खिलाड़ियों से $825 मांग रहा था. जानें कैसे पहचानें असली और नकली स्पोर्ट्स फेडरेशन.

PIB Fact Check Youth Khelo India Federation Sports Scam

अगर आप भी एक एथलीट हैं और ‘यूथ खेलो इंडिया फेडरेशन’ (Youth Khelo India Federation) नामक किसी संस्था के संपर्क में हैं, तो संभल जाइए. भारत सरकार की एजेंसी PIB ने एक बड़े फैक्ट चेक में इस संगठन को पूरी तरह से ‘फर्जी’ करार दिया है. ठग अब खिलाड़ियों के करियर और जज्बे का फायदा उठाकर उनकी जेब पर डाका डालने की कोशिश कर रहे हैं.

इंटरनेशनल गेम्स के नाम पर $825 की मांग

साइबर ठगों ने इस बार खिलाड़ियों को लुभाने के लिए ‘इंटरनेशनल गेम्स 2026, थाईलैंड’ का सहारा लिया है. ‘यूथ खेलो इंडिया फेडरेशन’ खुद को भारत सरकार, खेलो इंडिया अभियान और इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) से जुड़ा होने का झूठा दावा कर रहा है.

पीआईबी फैक्ट चेक के अनुसार, ये फर्जी संगठन थाईलैंड में होने वाले खेलों में हिस्सा लेने के नाम पर हर खिलाड़ी से 825 डॉलर (करीब 68,000 रुपये) की मोटी एंट्री फीस मांग रहा है. खिलाड़ियों को विश्वास दिलाने के लिए यह ग्रुप सरकारी लोगो और नाम का धड़ल्ले से गलत इस्तेमाल कर रहा है, ताकि एथलीट्स को लगे कि यह कोई आधिकारिक सरकारी चयन प्रक्रिया है.

PIB और SAI ने की पुष्टि

पीआईबी ने अपनी जांच के बाद स्पष्ट किया है कि भारत सरकार या खेल मंत्रालय का इस तथाकथित फेडरेशन से दूर-दूर तक कोई नाता नहीं है. भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) ने भी पुष्टि की है कि ‘यूथ खेलो इंडिया फेडरेशन’ नाम की कोई भी बॉडी SAI या खेलो इंडिया प्रोग्राम से मान्यता प्राप्त नहीं है. ‘इंटरनेशनल गेम्स 2026, थाईलैंड’ नामक इवेंट का भारत सरकार के खेल ढांचे से कोई संबंध नहीं है.

बता दें कि स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया किसी भी निजी संस्था को अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए एथलीट्स से इस तरह की ‘पार्टिसिपेशन फीस’ वसूलने की इजाजत कभी नहीं देता.

ठगी से कैसे बचें?

डिजिटल दौर में ठगों के पास आपके ईमेल और सोशल मीडिया तक पहुँचने के कई रास्ते हैं. अगर आपको भी केंद्र सरकार या खेलो इंडिया से जुड़ा कोई संदिग्ध मैसेज, ईमेल या विज्ञापन दिखे, तो बिना जांचे पैसे न दें.

याद रखें, किसी भी आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन ट्रायल और प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होती है और इसकी जानकारी हमेशा आधिकारिक वेबसाइट्स (जैसे [nsrs.kheloindia.gov.in](https://nsrs.kheloindia.gov.in) या [sportsauthorityofindia.nic.in](https://sportsauthorityofindia.nic.in)) पर उपलब्ध होती है.

ये भी पढ़ें:अमेरिकी सैनिकों के रोते हुए वायरल वीडियो की सच्चाई, क्या है पूरा मामला?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read