Bharat Express DD Free Dish

चुनाव हारते ही राहुल गांधी ने पकड़ा भगवान का दामन, जानिए वायरल हो रहे वीडियो का पूरा सच

दावा किया जा रहा है कि महागठबंधन की हार के बाद राहुल गांधी मंदिर पहुंच गए थे लेकिन क्या सच में इस वीडियो का बिहार चुनाव से कोई संबंध है?

Rahul Gandhi

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आने के बाद एक वीडियो तेजी से वायरल होने लगा, जिसमें राहुल गांधी एक मंदिर में पूजा करते दिख रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि महागठबंधन की हार के बाद राहुल गांधी मंदिर पहुंच गए थे लेकिन क्या सच में इस वीडियो का बिहार चुनाव से कोई संबंध है? आइए जानते है पूरी सच्चाई.

क्या है दावा?

दरअसल सोशल मीडिया पर एक यूजर ने राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की पूजा करते हुए एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि बिहार में हार मिलते ही राहुल गांधी ‘भगवान के दरबार’ पहुंच गए. हारते ही जनेऊ और भगवा फिर याद आ गया.

अब इस वीडियो को कई सोशल मीडिया यूजर शेयर कर रहे हैं.

जांच में पता लगी पूरी सच्चाई

भारत एक्सप्रेस की फैक्ट चेक टीम ने वीडियो के वायरल होने पर दावे की पुष्टि करने के लिए जांच शुरू की. सबसे पहले हमने वायरल वीडियो के फ्रेम्स को गूगल लेंस के जरिए सर्च किया, जिसमें हमें 14 मार्च 2024 की एक न्यूज रिपोर्ट मिली. इस रिपोर्ट के अनुसार, ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के समय राहुल गांधी महाराष्ट्र के नासिक पहुंचे थे और वहीं त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में पूजा-अर्चना की थी.

इसके बाद टीम ने कीवर्ड्स के साथ आगे खोज की, तो हमें एक न्यूज ऑर्गेनाइजेशन की 15 मार्च 2024 का यूट्यूब वीडियो मिला, जिसमें बताया गया है कि लोकसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी ने नासिक के त्र्यंबकेश्वर मंदिर में पूजा की थी.

इसके अलावा कई अन्य न्यूज संस्था के यूट्यूब चैनल पर भी यही वीडियो मार्च 2024 को अपलोड किया हुआ मिला. वहीं एक वेबसाइट के अनुसार, राहुल गांधी ने नासिक में रोड शो के बाद मंदिर में महापूजा और आरती की थी.

साथ ही यूपी कांग्रेस के प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी ने भी इसको लेकर कहा कि वायरल वीडियो पुराना है और बिहार चुनाव से इसका कोई संबंध नहीं है.

बता दें कि बिहार विधानसभा के चुनाव का मतदान दो चरणों में 6 और 11 नंवबर को हुआ था, जिसके परिणाम 14 नवंबर को आए थे. इसकी कुल 243 सीटों में से एनडीए ने 202 सीटों पर लैंडस्लाइड विक्ट्री हासिल कर अपनी सरकार बनाई है.

जांच के बाद पता लगे सारे फैक्ट्स के बाद ये बात साफ है, कि वायरल हो रहे इस वीडियो के साथ किए गए दावे गलत और भ्रामक है.

ये भी पढ़ें: विधायक बनते ही मैथिली लंदन को हुई रफूचक्कर, जानें वीडियो का पूरा सच

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read