Bharat Express DD Free Dish

आपके शरीर में हैं दो दिल! दूसरे का ख्याल रखना है बेहद जरूरी, नहीं रखा फिट तो पड़ सकता है दौरा

Calf Muscles Health Tips: आपने सीने में धड़क रहे दिल का खलाय आमतौर पर सभी रख लेते हैं लेकिन क्या आपको पता है आपके पास एक और दिल है जिसे आप इग्नोर कर रहे हैं. आइये जानें दूसरे दिल का खयाल कैसे रखें?

Second Heart Of Body Calf Muscles Health Tips

दूसरा दिल कैसे काम करता है?

Calf Muscles Health Tips: हम सब जानते हैं कि हमारा दिल हमारे सीने में धड़कता है जो शरीर को जीवन देता है. लेकिन हमारे शरीर में एक और ‘दिल’ है, जो हमारे पैरों में छिपा है. इसकी सेहत का ध्यान रखना उतना ही जरूरी है जितना हमारे असली दिल का. जी हां, चिकित्सा विज्ञान में हमारी पिंडलियों की मांसपेशियों को ‘दूसरा दिल’ कहा जाता है. यह कोई कविताई नहीं, बल्कि एक वैज्ञानिक सच्चाई है. यह ‘दूसरा दिल’ कैसे काम करता है और क्यों इसके बिना आपका जीवन खतरे में पड़ सकता है, यह जानना बेहद जरूरी है.

हमारी पिंडलियों की मांसपेशियां, जिन्हें अंग्रेजी में काल्फ मसल्स कहा जाता है. इन्हीं काल्फ मसल्स को चिकित्सा विज्ञान में अक्सर ‘दूसरा दिल’ कहा जाता है. आइये जाने यह दिल क्यों है और इसका खयाल कैसे रखें साथ ही यह भी जानें की इसे नजरअंदाज करने से क्या खतरा हो सकता है?

क्यों कहा जाता है दूसरा दिल? (Calf Muscles Is Second Heart)

हमारा हृदय तो पूरे शरीर में खून पहुंचाने का काम करता है, लेकिन शरीर के निचले हिस्सों, खासकर पैरों में, जब खून नीचे पहुंचता है, तो उसे वापस ऊपर मतलब दिल की ओर लौटने में काफी मेहनत करनी पड़ती है. यह काम आसान नहीं होता, क्योंकि ग्रैविटी यानी गुरुत्वाकर्षण हमेशा खून को नीचे की ओर खींचता है. यहीं पर पिंडलियों की भूमिका शुरू होती है.

ये भी पढ़ें: डेंगू में बकरी का दूध ‘अमृत’ नहीं ‘जहर’, प्लेटलेट्स के लिए कैसे नुकसानदायक?

जब हम चलते हैं, दौड़ते हैं, या सिर्फ पैरों को हल्का-सा भी हिलाते हैं, तो पिंडलियों की मांसपेशियां सिकुड़ती हैं. यह सिकुड़न नसों पर दबाव बनाती है और एक तरह से खून को ऊपर की ओर ‘पंप’ करती हैं. ठीक उसी तरह जैसे दिल धड़क कर खून को पंप करता है. इस प्रक्रिया को ही ‘मसल पंप मैकेनिज्म’ (सीएमपी) कहा जाता है. यही वजह है कि इन मांसपेशियों को “दूसरा दिल” कहा गया है.

2024 में आई थी रिपोर्ट (Report On Calf Muscles Health)

जून 2024 में प्रकाशित मेयो क्लीनिक के अध्ययन में पाया कि जिन लोगों में सीएमपी की कार्यक्षमता कम थी, उनकी मृत्यु दर अधिक थी. अध्ययन में देखा गया कि सीएमपी की कमी कई बीमारियों की जड़ बनी. 2020 में दुनिया की सबसे बड़ी चिकित्सा लाइब्रेरी ‘नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन’ में छपे शोध पत्र के मुताबिक अगर सीएमपी ठीक से काम नहीं करता तो कई बीमारियों की गिरफ्त में आप आ सकते हैं और हृदयाघात भी हो सकता है.

जरूरी है दूसरे दिल की फिटनेश

इस दूसरे दिल का ठीक से काम करना हमारे स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है. यदि यह ठीक से काम न करे, तो पैरों में खून जमने लगता है, जिससे सूजन, भारीपन, दर्द और वैरिकोज नसों की समस्या हो सकती है. लंबे समय तक बैठे रहने या खड़े रहने की स्थिति में जब हम पैरों को नहीं हिलाते, तो यही समस्याएं और बढ़ जाती हैं. इसके अलावा, रक्त संचार में बाधा आने पर खून के थक्के बनने का खतरा भी बढ़ जाता है, जो फेफड़ों या दिल तक पहुंच कर जानलेवा साबित हो सकते हैं.

ये भी पढ़ें: बच्चों में कैसे फैलता है खतरनाक टोमेटो फीवर? जानें लक्षण और बचाव

दिल का बोझ बांट रहे हैं आप (Tips For Calf Muscles)

इस लिए अगली बार जब आप चलें, रेस लगाएं या सीढ़ियां चढ़ें तो एक बार रुककर पैरों पर नजर जरूर दौड़ाएं और ठहरकर उनका आभार जताएं क्योंकि वे सिर्फ आपको आगे ही नहीं बढ़ाते, बल्कि दिल का बोझ भी बांटते हैं.

नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read