विश्व लिवर दिवस 2026 की थीम 'अच्छी आदतें, स्वस्थ लिवर'
Healthy Liver Habits: हमारा लिवर शरीर का एक ऐसा ‘इंजन’ है जो खून साफ करने से लेकर खाना पचाने और शरीर को ऊर्जा देने तक के सबसे जरूरी काम करता है. लेकिन आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और गलत खान-पान ने इस कीमती अंग को खतरे में डाल दिया है. इसी खतरे के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए हर साल 19 अप्रैल को ‘विश्व लिवर दिवस’ मनाया जाता है.
विश्व लिवर दिवस 2026 की खास थीम
इस साल यानी 2026 में विश्व लिवर दिवस की थीम ‘अच्छी आदतें, स्वस्थ लिवर’ रखी गई है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि लिवर की बीमारियों का सबसे बड़ा कारण हमारी खराब जीवनशैली है. आज दुनिया की करीब एक तिहाई आबादी ‘मेटाबोलिक डिसफंक्शन-एसोसिएटेड स्टीटोटिक लिवर डिजीज’ (MASLD) जैसी गंभीर समस्या से जूझ रही है. यह बीमारी चुपचाप शरीर में पनपती है और बाद में कैंसर या लिवर फेलियर का रूप ले लेती है.

क्या हैं लिवर खराब होने के मुख्य कारण
डॉक्टरों के अनुसार, हेपेटाइटिस बी, हेपेटाइटिस सी और लिवर सिरोसिस जैसी बीमारियां अचानक नहीं होतीं. इनके पीछे लंबे समय तक शराब का सेवन, नशीली दवाओं का उपयोग, जंक फूड का अधिक सेवन और व्यायाम की कमी जैसे कारण होते हैं. जब हम शारीरिक रूप से एक्टिव नहीं रहते, तो लिवर में वसा (फैट) जमा होने लगता है, जो आगे चलकर फाइब्रोसिस और सिरोसिस जैसी जानलेवा स्थितियों में बदल जाता है.
स्वस्थ लिवर के लिए अपनाएं 4 आदतें
विशेषज्ञों ने लिवर को फिट रखने के लिए चार मुख्य मंत्र दिए हैं, जिन्हें अपनाकर आप लंबी उम्र तक स्वस्थ रह सकते हैं:
संतुलित और शुद्ध आहार: अपने भोजन में रोजाना 2-3 फल, हरी सब्जियां और साबुत अनाज शामिल करें. पैकेट बंद खाना (जंक फूड), बहुत ज्यादा चीनी और तेल-मसाले से परहेज करें. याद रखें कि ‘आहार ही सबसे बड़ी औषधि है’.
शारीरिक सक्रियता: लिवर में चर्बी जमा न होने देने के लिए रोज व्यायाम करना जरूरी है. आप साइकिलिंग, तैराकी, डांस या पैदल चलने जैसी एक्टिविटी को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं.
शराब से तौबा: शराब लिवर की सबसे बड़ी दुश्मन है. इसे पूरी तरह छोड़ देना या कम करना ही आपके लिवर को नई जिंदगी दे सकता है.
नियमित जांच: लिवर की बीमारियां अक्सर शुरुआती दौर में कोई लक्षण नहीं दिखातीं. इसलिए समय-समय पर ‘लिवर फंक्शन टेस्ट’ करवाते रहें, खासकर उन लोगों को जिन्हें डायबिटीज या मोटापे की शिकायत है.

ये होती है लिवर की अद्भुत शक्ति
लिवर शरीर का इकलौता ऐसा अंग है जिसमें खुद को दोबारा ठीक करने (रीजेनरेट होने) की सबसे ज्यादा क्षमता होती है. अगर हम आज से ही अपनी आदतें सुधार लें, तो डैमेज हो चुके लिवर को भी काफी हद तक स्वस्थ बनाया जा सकता है. पर्याप्त पानी पीना और अच्छी नींद लेना भी लिवर की मरम्मत में मदद करता है.
यह भी पढ़िए: लिवर के लिए ‘सुरक्षा कवच’ जैसा है नीम, कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल कर बॉडी को करेगा डिटॉक्स
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


