Bharat Express DD Free Dish

आखिर क्यों खाली करना पड़ा राबड़ी देवी को 20 साल पुराना सरकारी आवास? जानें अब कहां होगा नया ठिकाना

बिहार की राजनीति का एक अहम अध्याय अब समाप्ति की ओर बढ़ता दिख रहा है. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के परिवार से लंबे समय तक जुड़ा रहा पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड का सरकारी आवास खाली कराने की प्रक्रिया तेज हो गई है.

पटना के पॉश इलाके में स्थित 10 सर्कुलर रोड का सरकारी बंगला एक बार फिर चर्चा में है. आज (शुक्रवार) को यहां लगे सीसीटीवी कैमरे हटाए जाने लगे और साथ ही घर का सामान भी धीरे-धीरे दूसरे स्थान पर भेजा जा रहा है. यह वही बंगला है जो करीब बीस सालों से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और लालू प्रसाद यादव परिवार की राजनीतिक गतिविधियों का सबसे अहम केंद्र माना जाता रहा है. साल 2006 से पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी इसी सरकारी आवास में रह रही थीं.

इससे पहले और बाद में भी लालू प्रसाद यादव का काफी समय यहीं बीता है. बिहार की कई बड़ी राजनीतिक बैठकों, रणनीतियों और चुनावी फैसलों की गूंज इसी घर से निकलती रही है. समय के साथ यह पता सिर्फ एक आवास नहीं, बल्कि राज्य की राजनीति का एक प्रतीक बन गया.

सरकार ने किया नया आवंटन

अब राज्य सरकार ने यह बंगला पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित कर दिया है. वहीं, राबड़ी देवी को विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष होने के नाते 39 हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास दिया गया है. प्रशासन की तरफ से साफ कर दिया गया है कि पुराने बंगले को खाली कराने की प्रक्रिया तय नियमों के तहत ही आगे बढ़ेगी.

सूत्रों के मुताबिक, राबड़ी देवी की ओर से 10 सर्कुलर रोड में कुछ और समय तक रहने की अनुमति मांगी गई थी, लेकिन भवन निर्माण विभाग ने इस अनुरोध को स्वीकार नहीं किया. विभाग की तरफ से अब तक चार बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं. अंतिम तारीख 29 जून तय की गई है, जिसके बाद बंगला औपचारिक रूप से नए आवंटी को सौंप दिया जाएगा.

नए आवास में चल रहा बदलाव का काम

दूसरी तरफ 39 हार्डिंग रोड स्थित नए सरकारी आवास में जरूरी मरम्मत और बदलाव का काम भी चल रहा है. बताया जा रहा है कि राबड़ी देवी की ओर से कुछ संरचनात्मक सुधारों की मांग की गई थी, जिन्हें विभाग पूरा करा रहा है ताकि शिफ्टिंग में किसी तरह की दिक्कत न आए.

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज है. कुछ लोग इसे केवल प्रशासनिक प्रक्रिया मान रहे हैं, तो वहीं कई इसे बिहार की राजनीति में एक बड़े बदलाव और एक लंबे दौर के अंत के तौर पर देख रहे हैं. खास बात यह भी है कि लालू परिवार के भविष्य के ठिकाने को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं कि वे कौटिल्य नगर में बन रहे अपने निजी आवास में भी शिफ्ट हो सकते हैं.

यह भी पढ़ें: मलेरकोटला में नामी एडवोकेट के घर बड़ी चोरी, लाखों का सोना-चांदी और नकदी लेकर फरार चोर

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest